पवन खेड़ा ‘पपेट’ और जयराम रमेश बचा रहे अपनी ‘नौकरी’: मणिशंकर अय्यर ने कॉन्ग्रेस नेताओं को धो डाला, कहा- शशि थरूर विदेश मंत्री बनने का सपना देख रहे

कॉन्ग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने अपने बयान से कॉन्ग्रेस नेताओं को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता राहुल गाँधी के पपेट हैं। वहीं सांसद शशि थरूर पर निशाना साधते हुए कहा कि वो एंटी पाकिस्तान हैं और अगला विदेश मंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। वहीं जयराम रमेश को लेकर कहा कि उन्हें अपनी ‘नौकरी बचाना’ है।
केरल कॉन्ग्रेस के आंतरिक कलह पर उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता एक-दूसरे से कम्युनिस्टों की तुलना में ज्यादा नफरत करते हैं इसलिए पार्टी चुनाव हार जाएगी।
इंडी गठबंधन को मजबूत करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एमके स्टालिन सबसे सही नेता हैं। हालाँकि उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गाँधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। अय्यर ने कहा कि राहुल गाँधी भूल गए हैं कि वे पार्टी के सदस्य अभी भी हैं, लेकिन राहुल वादी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे गाँधीवादी, नेहरूवादी और राजीववादी हैं।
अय्यर ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कॉन्ग्रेस नेताओं पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा वही बोलते हैं, जो जयराम रमेश उन्हें बताते हैं। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा पिछले दो साल से उनपर आरोप लगा रहे हैं। कॉन्ग्रेस को पवन खेड़ा के अलावा कोई नहीं मिला प्रवक्ता बनाने के लिए। इसलिए पार्टी की ये दुर्दशा है। उन्होंने कॉन्ग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को राउडी करार दिया।
इस पर एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि मणिशंकर अय्यर का कॉन्ग्रेस से कोई लेना देना नहीं है और व्यक्तिगत आधार पर वो कुछ भी बोलते और लिखते हैं।






