दिल्ली पुलिस ने समाजवादी पार्टी समर्थक माने जाने वाले पत्रकार और डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘बोलता हिंदुस्तान’ से जुड़े हसीन रहमानी के खिलाफ गंभीर आरोपों में FIR दर्ज की है। एक 34 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर यह मामला दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जामिया नगर थाना में दर्ज किया गया है।
4 जनवरी 2026 को दर्ज की गई FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि हसीन रहमानी ने जनवरी 2010 से जनवरी 2026 तक करीब 16 वर्षों की अवधि में उसे शादी का झाँसा देकर बार-बार दुष्कर्म, मानसिक उत्पीड़न, धमकी और यौन शोषण का शिकार बनाया।
FIR में दर्ज आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह जामिया नगर में किराए पर रह रही थी तभी उसका संपर्क हसीन रहमानी से हुआ। शुरुआत में आरोपित ने मदद करने और शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर वह रिश्ते में आई लेकिन समय के साथ यह रिश्ता जबरदस्ती में बदल गया।
FIR में कहा गया है कि जब महिला ने दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देना शुरू कर दिया। सामाजिक बदनामी के डर से वह आरोपित के संपर्क में रहने को मजबूर होती रही। इस दौरान जाकिर नगर और जामिया नगर स्थित एक फ्लैट सहित कई स्थानों पर उसके साथ यौन शोषण किए जाने का आरोप है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी कभी शादी का झूठा आश्वासन देता था तो कभी जान से मारने और पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। FIR में कथित तौर पर अवैध रूप से बंदी बनाए जाने और शारीरिक हमले के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया जिससे वह लगातार डर और मानसिक दबाव में जीती रही। महिला का कहना है कि जब उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा महसूस हुआ, तब उसने बिना देरी पुलिस से संपर्क किया।
मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 69 (यौन अपराध) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार डिजिटल सबूत, लोकेशन डिटेल और बयान जुटाए जा रहे हैं। आरोपी से जुड़े दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पतों को भी जाँच में शामिल किया गया है।






