GST स्लैब अब सिर्फ 5% और 18%… दूध, पनीर टैक्स-फ्री, कार-बाइक सस्ती: त्योहारों से पहले मोदी सरकार ने जनता को दिया तोहफा
नई दिल्ली में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बड़े फैसले सुनाए। अब जीएसटी के सिर्फ दो स्लैब होंगे—5% और 18%। 12% और 28% स्लैब खत्म कर दिए गए, जिससे कई सामान सस्ते होंगे।
रोजमर्रा की चीजें जैसे शैंपु, साबुन, तेल, नमकीन, पास्ता, कॉफी, नूडल्स पर अब 5% टैक्स लगेगा। कार, बाइक, सीमेंट, टीवी पर 28% की जगह 18% टैक्स होगा। यूएचटी दूध, छेना, पनीर, पिज्जा ब्रेड, रोटी, पराठा अब टैक्स-फ्री होंगे। 33 जीवन रक्षक दवाइयों, जिनमें तीन कैंसर दवाएं शामिल हैं, को जीएसटी से मुक्त किया गया है। विलासिता और हानिकारक चीजों पर 40% का अलग स्लैब रखा गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि ये फैसले आम आदमी, किसान और मजदूरों को ध्यान में रखकर लिए गए। सभी राज्यों के वित्त मंत्रियों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। त्योहारों से पहले ये राहत आम लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है।






