लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी जीत के लिए उत्तर प्रदेश में मिशन डिमॉलिशन शुरू कर दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के बाद अब साहब सिंह सैनी, सुषमा पटेल, राजपाल सैनी और…
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी जीत के लिए उत्तर प्रदेश में मिशन डिमॉलिशन शुरू कर दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के बाद अब साहब सिंह सैनी, सुषमा पटेल, राजपाल सैनी और जगदीश सोनकर भाजपा ज्वॉइन करने जा रहे हैं। लेकिन इसकी तारीख अभी तक तय नहीं की गई है। इनमें सपा और उसके गठबंधन साथी रालोद के नेता हैं। दरअसल, हाल ही में राजभर की सुभासपा NDA में शामिल हो गई। वहीं, सपा विधायक दारा सिंह चौहान ने ना सिर्फ पार्टी बल्कि विधायकी से भी इस्तीफा दे दिया। भाजपा ने 2024 के लिए उत्तर प्रदेश में अब 80 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इस मुश्किल लक्ष्य को पाने के लिए उसके ऑपरेशन ‘मिशन डिमॉलिशन’ की यह शुरुआत भर है। वहीं आने वाले दिनों में पूर्व से लेकर पश्चिम तक विपक्षी दलों के कुछ और बड़े नेता भाजपा ज्वाॅइन कर सकते हैं।
समाजवादी पार्टी अब पहले वाली पार्टी नहीं रही: साहब सिंह सैनी
अगर हम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे साहब सैनी 3 दिन के बाद भाजपा ज्वॉइन करने वाले हैं। पार्टी ने उन्हें निकाय चुनाव के दौरान सहारनपुर में एक कार्यक्रम में भाजपा को ज्वॉइन करने का निमंत्रण दिया लेकिन उस समय साहब सिंह सैनी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था, लेकिन अब वो लखनई में ही भारतीय जनता पार्टी को ज्वॉइन करेंगे। अब भाजपा ने 24 जुलाई तक उन्हें पार्टी ज्वाइन करने का समय दे दिया है।
जौनपुर से कुर्मी चेहरा, सुषमा पटेल छोड़ सकती हैं समाजवादी पार्टी का साथ
अगर हम अब पूर्वांचल की बात करें तो यहां पर भी भारतीय जनता पार्टी ने सर्जिकल स्ट्राइक की तैयारी पूरी कर ली है। साल 2020 में राज्यसभा चुनाव के दौरान जब बहुजन समाज पार्टी में बगावत हुई थी तो उस समय बसपा की मुंगरा बादशाहपुर की विधायक रहीं सुषमा पटेल ने बागी होकर समाजवादी पार्टी ज्वाॅइन कर ली थी। जिसके बाद साल 2022 में वह जौनपुर के मड़ियाहूं से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ी थी। सूत्रों के मुताबिक 24 जुलाई को भाजपा कार्यालय पर एक बड़ा जॉइनिंग कार्यक्रम रखा गया है। अब वहां पर ही पूर्व विधायक सुषमा पटेल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होंगी।
SC वोट बैंक पर हर तरफ से मजबूत पकड़: जगदीश सोनकर
भारतीय जनता पार्टी समाजवादी पार्टी को एक और झटका देने की तैयारी में है। जगदीश सोनकर जौनपुर की मछली शहर सीट से सपा के 2017 में विधायक थे। सूत्रों के अनुसार, अब समाजवादी पार्टी से 4 बार विधायक रहे जौनपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेता जगदीश सोनकर भी भाजपा का दामन थामने वाले हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने उन्हें टिकट तो दिया लेकिन मौके पर अखिलेश यादव ने जगदीश सोनकर की जगह रागनी सोनकर को अपना कैंडिडेट बना दिया। जिसके बाद से जगदीश सोनकर पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे। जगदीश सोनकर SC बिरादरी से आते हैं। अब यह कहा जा रहा है कि आने वाली 24 जुलाई को जगदीश सोनकर भाजपा का दामन थाम लेंगे।
RLD में सेंधमारी, राजपाल सैनी भी BJP में आएंगे नजर
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की नजर सिर्फ समाजवादी पार्टी के नेताओं पर ही हैं, बल्कि भाजपा रालोद में भी सेंधमारी की तैयारी में है। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि रालोद नेता और बसपा से राज्यसभा सदस्य रहे राजपाल सैनी भी 24 जुलाई को भाजपा का दामन थाम सकते हैं। राजपाल सैनी 2022 में खतौली से आरएलडी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। लेकिन उस समय उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। राजपाल सैनी हो या फिर साहब सिंह सैनी, दोनों ही पिछड़ी बिरादरी से आते हैं। ऐसे में अब भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाज को यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग के साथ है।