उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है. मुलायम लंबे समय से बीमार चल रहे थे और आज उन्होंने सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर अंतिम सांस ली. मुलायम यादव का जन्म 1939 में हुआ था और 10 अक्टूबर 2022 को उन्होंने अंतिम सांस ली. मुलायम 3 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे.
कुछ महीने पहले जुलाई में मुलायम यादव की पत्नी साधना गुप्ता का भी निधन हो गया था. साल 2003 में मुलायम यादव की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था. इसके कुछ दिन बाद ही सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था.
मुलायम यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके थे और ऐसे में उन्हें कई तरह की सरकारी सुविधाएं मिली हुई थीं. इन सुविधाओं में उनको मिलने वाली सुरक्षा के साथ ही एक बेहतरीन लग्जरी कार भी मिली थी. ये कार यूपी सरकार के राज्य संपत्ति विभाग की तरफ से दी गई थी.
हुआ कुछ ऐसा कि मुलायम यादव को मर्सिडीज की जो SUV कार मिली थी वो समय के साथ खराब हो गई. इस कार की मरम्मत करने का खर्च सर्विस सेंटर की तरफ से 26 लाख रुपये बताया गया. एक कार की रिपेयरिंग का इतना भारीकम खर्च देखकर विभागों ने अपना पल्ला झाड़ते हुए एक दूसरे को पत्र लिखना शुरू कर दिया. राज्य संपत्ति विभाग और सुरक्षा विभाग दोनों के बीच जमकर लेटरबाजी हुई. इन दोनों ही विभागों के पास मुलायम यादव की गाड़ी की सर्विस कराने का बजट नहीं था.
बाद में इस मामले का हल ये निकाला गया कि मुलायम यादव की कार को बदल दिया जाए. क्योंकि यदि मर्सिडीज को रिपेयर कराने में जितना खर्च किया जाएगा उसके कुछ समय बाद इसमें फिर से कुछ कमियां आ सकती हैं. ऐसे में नई कार खरीद कर उन्हें देना ज्यादा बेहतर होगा और नई कार लंबे समय तक बिना किसी दिक्कत के चलेगी. ऐसे में उन्हें टोयोटा की लैंड क्रूजर प्राडो कार देने का फैसला लिया गया.
हालांकि मर्सिडीज कार जब तक उनके पास नहीं थी तब तक वो BMW कार का इस्तेमाल कर रहे थे. जब सितंबर 2019 में मुलायम यादव की मर्सिडीज कार 26 लाख रुपये के मरम्मत खर्च को लेकर चर्चा में आई थी उस समय यूपी सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के पास सिर्फ 2 मर्सिडीज कारें ही थी. एक कार मुलायम यादव के पास थी तो दूसरी कार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस्तेमाल कर रहे थे.
कहा यह भी गया था कि सरकार संपत्ति विभाग के बजट को भी कम करना चाहती थी. ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्रियों को मिलने वाली कार के बजट को 1.5 करोड़ से घटाकर 1 करोड़ तक लाना था. मुलायम यादव को जो मर्सिडीज कार मिली थी उस समय उसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये थी. उसमें लगने वाले बुलेटप्रूफ और अन्य सेफ्टी फीचर्स के चलते उसकी कीमत और भी ज्यादा थी. वहीं बाद में उनको टोयोटा की प्राडो कार देने का फैसला लिया गया था उसकी कीमत 1 करोड़ रुपये ही थी






