Friday, May 1, 2026
Uncategorized

जज साहब बना हुआ था ये धोखेबाज,शिकार करता था विधवा, तलाकशुदा का..

तलाकशुदा और विधवा महिलाओं को अपने जाल में फंसाने वाले नटवरलाल को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को जज बताकर इन महिलाओं को अपने फंके गए जाल में फंसाता था। शादी की बात कर महिलाओं के गहने और रुपए लेकर वह बड़े आराम से फरार हो जाता। आरोपी के द्वारा अभी तक कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की जा चुकी थी। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को शादी के फर्जी विज्ञापन के जरिए पकड़ने में सफलता हासिल की। शातिर आरोपी उसके झांसे में आने वाली महिलाओं का शारीरिक शोषण भी करता था।

अखबार से नंबर निकाल करता था फोन, खुद को बताता था सिविल जज
आरोपी विष्णु शंकर गुप्ता के निशाने पर अक्सर वह महिलाएं होती थी जिनके पास सरकारी नौकरी हो या फिर वह पैसे वाली तलाकशुदा हो। इस तरह की विधवा या पति से अलग हुई महिलाएं जो शादी के लिए अखबार में इश्तिहार देती थीं उन्हें निशाना बनाया जाता था। उन विज्ञापनों से आरोपी महिलाओं का मोबाइल नंबर निकालकर खुद को सिविल जज बताता था। कॉल पर ही महिलाओं को झांसे में फंसाकर उनसे शादी की बात की जाती और फिर शारीरिक शोषण किया जाता। कुछ दिन बाद उनसे लाखों की रकम और गहने लेकर वह बड़े आराम से फरार हो जाता।

वकालत नहीं चलने पर बन बैठा फर्जी जज
घटना के बाद आरोपी तुरंत ही मोबाइल की सिम निकालकर फेंक देता और अगले शिकार की तलाश में जुट जाता। तमाम कोशिशों के बाद भी जब पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी तो फिर अखबार में फर्जी विज्ञापन का सहारा लिया गया। इसे पढ़ने के बाद विष्णु ने कॉल की और पुलिस ने उसे धर दबोचा। डीसीपी सेंट्रल अर्पणा रजत कौशिक के द्वारा बताया गया कि कानपुर के निवासी आरोपी विष्णु शंकर गुप्ता ने वकालत की पढ़ाई की है। हालांकि उसकी वकालत नहीं चली तो वह फर्जी सिविल जज बन बैठा। इसके बाद उसने महिलाओं को लूटने का यह तरीका निकाला। आरोप है कि उसने अभी तक कई महिलाओं का शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 4 लाख रुपए और भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

आरोपी पर पहले भी दर्ज है कई मुकदमे
आरोपी के खिलाफ पहले भी 5 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर खुद को किडनैप कराने से लेकर धोखाधड़ी और अदालत में फर्जी कागजात लगाने जैसे आरोप लग चुके हैं। उसके पास से कई तरह की मोहरें भी बरामद हुई हैं। इसमें से एक सरकारी मुहर भी मिली है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी विष्णु शंकर गुप्ता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

Leave a Reply