रीवा. मध्य प्रदेश से गैंगरेप की दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अपने दोस्त के साथ अष्टभुजी माता मंदिर घूमने आई किशोरी को आधा दर्जन युवकों ने अपनी हवस का शिकार बनाया. मंदिर के समीप ही किशोरी अपने दोस्त के साथ बैठ कर बात कर रही थी तभी आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गैंगरेप किया. गैंगरेप की ये घटना मध्य प्रदेश के रीवा की है.
आरोपी युवक किशोरी को उसके दोस्त के सामने ही घसीटकर जल प्रपात की ओर ले गए और उसके साथ एक-एक कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. वारदात के बाद दरिंदो ने किशोरी के साथ मारपीट की और मोबाइल सहित उसकी पायल लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपियों के तलाश में जुट गई.
यह खौफनाक वारदात रीवा जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुती जलप्रपात स्थित अष्ठ भुजी माता मंदिर का है. यहां पर एक किशोरी अपने दोस्त के साथ मंदिर घूमने आई थी. मंदिर में दर्शन करने के बाद वह पास बैठकर आपस में बात कर रहे थे. आरोपियों ने गैंगरेप की घटना के दौरान किशोरी को तकरीबन एक घंटे तक बंधक बनाए रखा.
दरिंदो के चंगुल में फंसी पीड़िता और उसका दोस्त हैवानों के सामने हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते हुए रोते बिलखते रहे लेकिन वह नहीं माने. इस घटना के बाद पीड़ित के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस के साथ मऊगंज एसडीओपी तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस के द्वारा पीड़िता और उसके दोस्त के परीजनों को जानकारी दी गई. दरिंदगी की शिकार हुई पीड़िता की हालत बेहद खराब थी जिसे पुलिस के द्वारा तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
छह आरोपितों में से दो की पहचान हुई
इस खौफनाक घटना अंजाम देने वाले आरोपियों की संख्या छह बताई जा रही है, जो स्थानीय है। पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान शिवम यादव व विद्यासागर बहेलिया के रूप में की है, जो फिलहाल बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में गांवों में दबिश दे रही है। पुलिस ने पूरे इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है और देर रात तक आरोपियों को हिरासत में ले लेने की उम्मीद पुलिस जता रही है।
कई प्रेमी जोड़े हुए शिकार
आरोपियों ने जिस अंदाज से इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है उससे उम्मीद जताई जा रही है कि उन्होंने कई अन्य पीडि़ताओं के साथ इसी तरह दरिंदगी की है। अष्टभुजी मंदिर व उसके पास स्थित कूड़ा में काफी संख्या में लड़के-लड़कियां घूमने के लिए आते हैं। आरोपियों ने कई अन्य लड़कियों को भी अपनी हवस का शिकार बनाया होगा, लेकिन बदनामी के डर से लड़कियों ने रिपोर्ट नहीं की। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ करेगी।
आरोपितों की पहचान हो गई है
एक किशोरी अपने दोस्त के साथ अष्टभुजी मंदिर आई थी। यहां पर आधा दर्जन युवकों ने उनको पकड़ लिया और किशोरी के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है। आरोपित उसके साथ मारपीट कर मोबाइल, पायल छीन ले गए हैं। शिकायत मिलने पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। छह आरोपित घटना में शामिल थे, जिनमें दो की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम हर संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है।-नवीन दुबे, एसडीओपी मऊगंज






