शाजापुर. मध्य प्रदेश के शाजापुर में रैली के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे हैं. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वीडियो बीते 17 जुलाई का बताया जा रहा है. इसी दिन नगर पालिका चुनाव के परिणाम घोषित किए गए थे.
इन परिणामों में शहर के वॉर्ड क्रमांक 12 से पार्षद समीउल्ला हमीद चुनाव जीते थे. जीत के जश्न में यह रैली निकाली गई थी. यह वीडियो भी इसी रैली का बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था. साथ ही एसपी को मामले की जांच को लेकर ज्ञापन भी सौंपा था.
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू की थी. कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद शहर के वॉर्ड क्रमांक 12 के नवनिर्वाचित पार्षद समीउल्लाह हमीद को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान कोतवाली थाने पर भारी भीड़ जमा हो गई. गौरतलब है कि समीउल्ला एसडीपीआई पार्टी से जुड़े हुए हैं और नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता को हराकर उन्होंने जमकर सुर्खियां बटोरी थी.
उनके विजय जुलूस में संदिग्ध लोगों के शामिल होने की सूचना पर पुलिस की टीम भी बाकायदा रैली के आसपास मौजूद थी. उसके बावजूद इस तरीके के नारे लगने का मामला सामने आया है. कोतवाली पुलिस ने समीउल्ला को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
समीउल्ला के खिलाफ लगाई धारा 188 और 153B
आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पार्षद समीउल्ला हमीद के खिलाफ धारा 188, 153 B के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया. जहां न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया. धारा 153 B के तहत राष्ट्रीय एकता के खिलाफ प्रभाव डालने वाले भाषण देना या लांछन लगाने की कार्रवाई की जाती है. यह एक अजमानतीय धारा है. इसके तहत तीन साल की जेल और जुर्माना दोनों लगाए जा सकते हैं.






