कांग्रेस ने शनिवार (23 जुलाई, 2022) को आरोप लगाया कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी गोवा में “गैरकानूनी बार” चला रही हैं। मुख्य विपक्षी दल ने इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह भी कहा कि वह ईरानी को बर्खास्त करें। स्मृति की बेटी की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है। मंत्री की बेटी के वकील कीरत नागरा ने एक बयान में कहा कि उनकी मुवक्किल ‘सिली सोल्स” नामक रेस्टोरेंट की न तो मालकिन हैं और न ही इसका संचालन करती हैं तथा किसी प्राधिकार की तरफ से उन्हें कोई ‘कारण बताओ नोटिस’ भी नहीं मिला है।
नागरा ने कहा कि निहित स्वार्थ वाले कई लोगों द्वारा गलत, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट किये जा रहे हैं, जो उनकी मुवक्किल की मां, प्रतिष्ठित नेता स्मृति ईरानी के साथ राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे हैं। वकील ने आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे लोग सिर्फ इसलिए दुष्प्रचार कर रहे हैं ताकि तथ्यों की जांच-परख किये बिना मुद्दाविहीन बात को सनसनी बनाकर पेश किया जा सके और वे मेरी मुवक्किल को सिर्फ इसलिए बदनाम करने पर आमादा हैं कि वह एक नेता की पुत्री हैं।”
इस बीच, कांग्रेस के पूर्व चीफ राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का मतलब ‘नो डाटा अवेलेबल’ (कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं) है और उसके पास कोई जवाब या जवाबदेही भी नहीं है। उन्होंने ट्वीट किया, “नो डाटा अवेलेबल (एनडीए) सरकार चाहती है कि आप यह मान लें कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई, आंदोलन में किसी किसान की जान नहीं गई, पैदल चलते हुए किसी मजदूर की मौत नहीं हुई, भीड़ हिंसा में किसी की हत्या नहीं हुई और कोई पत्रकार गिरफ्तार नहीं हुआ।” उन्होंने दावा किया, “कोई डाटा नहीं, कोई जवाब नहीं, कोई जवाबदेही नहीं।”
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता स्मृति इरानी ने कहा कि मेरी बेटी कॉलेज में पढ़ती है। वह बार नहीं चलाती। कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने मेरी बेटी को अपमानित किया। इसके साथ ही मुझे भी बदनाम किया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व के आदेश पर यह सब हो रहा है। स्मृति इरानी ने कहा कि मेरी बेटी राजनीति में नहीं है। वह कॉलेज स्टूटेंड के नाम पर अपना जीवन व्यतीत कर रही है। कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि वह अवैध बार चलाती है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पेपर दिखाकर कहा है कि मेरी बेटी बार चलाती है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि मैंने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा किए गए लूट को लेकर मुखर होकर आवाज उठाई। इसके चलते मेरी बेटी को टारगेट किया जा रहा है। स्मृति ने कहा, “मेरी बेटी की गलती यह है कि उसकी मां सोनिया और राहुल गांधी द्वारा 5,000 करोड़ रुपए की लूट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है। उसकी गलती यह है कि उसकी मां ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी के खिलाफ लड़ाई लड़ी।”
कॉलेज में पढ़ती है मेरी बेटी
स्मृति ने कहा, “पवन खेड़ा मेरी 18 साल की बेटी कॉलेज में पढ़ती है। कोई बार नहीं चलाती है। पवन खेड़ा ने कहा है कि मेरी बेटी को शो कॉज नोटिस भेजा जाए। मैं पूछती हूं कि जो पेपर वह दिखा रहे थे उसमें क्या मेरी बेटी का नाम है? कांग्रेस नेता जय राम रमेश ने कहा है कि वह आरटीआई के आधार पर मेरी बेटी पर आरोप मढ़ रहे हैं। क्या आरटीआई के उस आवेदन में मेरी बेटी का नाम है? क्या उसके जवाब में मेरी बेटी का नाम है?
कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोर्ट जाऊंगी
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने हंसते हुए कहा है कि मैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करती हूं। हां मैं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करती हूं और करती रहूंगी। मैं कांग्रेस के नेताओं से कोर्ट में जवाब मांगूंगी। मैं कानून के अदालत और जनता की अदालत में जाऊंगी।” स्मृति इरानी ने कांग्रेस को चुनौती दी कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में वह अमेठी से राहुल गांधी को चुनाव लड़ने के लिए कहे। हम उन्हें फिर से धूल चलाएंगे।
क्या है मामला?
कांग्रेस नेता जयराम रमेश और पवन खेड़ा ने स्मृति ईरानी की बेटी जोईश ईरानी (Zoish Irani) पर अवैध लाइसेंस के जरिए गैरकानूनी रूप से कैफे, बार और रेस्टोरेंट चलाने का आरोप लगाया है। जोईश ईरानी गोवा में सिली सोल नाम का कैफे, बार और रेस्टोरेंट चलाती है। कैफे को आबकारी आयुक्त द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से बार लाइसेंस रखने के लिए कानूनी नोटिस दिया है। नोटिस में कहा गया है कि जिसके नाम बार का लाइसेंस है, उसकी मौत मई 2021 में ही हो चुकी है। इसके बावजूद उसी के नाम पर पिछले महीने लाइसेंस रिन्यू करवाया गया है।






