महाराष्ट्र की राजनीति में सत्ता पर कब्जा जमाने के बाद अब भाजपा ने केंद्र शासित क्षेत्र दीव में भी बड़ी सफलता हासिल की है। दीव में हुए नगर पालिका के लिए हुए चुनाव में बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया है।
13 वार्ड वाली नगर पालिका में क्लीन स्वीप
दीव महानगर पालिका (डीएमसी) की 7 सीटों के लिए चुनाव कराए गए थे
। आज शनिवार को संपन्न हुआ मतगणना में बीजेपी ने इन सभी सात सीटों पर जीत हासिल कर नगर पालिका में अपना परचम लहराया है। इसके साथ ही 13 सीटों वाली दीव नगर पालिका से बीजेपी ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है।
7 सीटों पर हुए चुनाव, सभी बीजेपी जीती
दीव बीजेपी प्रमुख ने बताया कि उनकी पार्टी ने सभी 7 वार्डों में जीत हासिल की है। इसके पहले दीव के कलेक्टर फव्रमन ब्रह्म ने बताया कि दीव नगर पालिका की मतगणना पूरी होने के साथ ही सुबह 9.30 बजे के करीब अंतिम परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
6 सीटों पर बीजेपी की निर्विरोध जीत
13 वार्ड वाली दीव नगरपालिका में बीजेपी का वर्चस्व उसी समय नजर आ गया था जब 6 सीटों पर उसके प्रत्याशियों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया था। इन सीटों पर विपक्ष से कोई उम्मीदवार ही नहीं खड़ा हुआ।
कांग्रेस ने नहीं उतारा था प्रत्याशी
निर्दलीय चुनकर आए छह वार्ड मेंबर में 4 वे थे जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे या फिर उनके रिश्तेदार थे। कांग्रेस ने दीव के स्थानीय चुनाव में अपना प्रत्याशी न उतारने का फैसला किया था। यही वजह है कि बाकी बची सीटों पर उसे केवल निर्दलीयों से ही चुनौती मिली थी।
कुल 36 उम्मीदवारों ने भरा था पर्चा
केंद्र शासित क्षेत्र दीव के स्थानीय निकाय चुनाव में 13 सीटों के लिए 36 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया था। स्क्रूटनी के दौरान 3 उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कर दिए गए थे जबकि 12 उम्मीदवारों ने अपना पर्चा वापस ले लिया था। 6 सीटों पर केवल बीजेपी के उम्मीदवार ही मैदान में बचे रह गए थे जिसके बाद उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। बाकी बची 7 सीटों पर चुनाव में बीजेपी ने सभी पर जीत हासिल की है।






