उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर के बाद अब Congress पार्टी एक्शन मोड में है. दिल्ली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ( Sonia gandhi, Rahul gandhi, Priyanka gandhi) के नेतृत्व में कांग्रेस लीडरशिप नए नए फैसले ले रही है. उसी सिलसिले में अब मिशन 2024 से पहले तीन कमेटियां बनाई है.
इसमें से एक कमेटी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बनाई है. जिसे टास्क फोर्स 2024 नाम दिया गया है. राजनीतिक मामलों को देखने के लिए पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप का गठन भी किया है. इसके अलावा भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन का गठन किया गया है. इसमें राजस्थान से दो प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है. पूर्व डिप्टी सीएम और पूर्व पीसीसी चीफ सचिन पायलट को भारत जोड़ो यात्रा के लिए बनी सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन में शामिल किया गया है. ये ग्रुप कश्मीर से कन्याकुमारी तक होने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की प्लानिंग और कॉर्डिनेशन का काम देखेगा.
सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप फॉर कॉर्डिनेशन फॉर भारत जोड़ो यात्रा
गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में पदयात्रा शुरु करने जा रही है. ये पदयात्रा कश्मीर से कन्याकुमारी तक करीब 3500 किलोमीटर की होगी. जिसमें देशभर के लोगों से संपर्क किया जाएगा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने की कोशिश है. करीब 6 महीने तक चलने वाली इस यात्रा की प्लानिंग और कॉर्डिनेशन के लिए 9 सदस्यों का सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप बनाया गया है. जिसमें दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, शशि थरुर, रनवीत सिंह बिट्टु, केजे जॉर्ज, जोथी मनी के अलावा जीतू पटवारी, सलीम अहमद और प्रद्युत बोर्दोलोई भी शामिल है.
पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप
देशभर के तात्कालिक राजनीतिक मसलों पर पार्टी की स्टेंड तय करने के लिए और उस पर प्लानिंग बनाने के लिए पार्टी ने पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप बनाया है. जिसमें राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, दिग्विजय सिंह, आनंद शर्मा, केसी वेणुगोपाल और जितेंद्र सिंह को शामिल किया गया है.
टास्क फोर्स-2024
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने टास्क फोर्स 2024 बनाया है. जिसमें पी चिदंबरम, मुकुल वासनिकी, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला और सुनील कानुगोलु को शामिल किया गया है. जो 2024 के चुनावों के मद्देनजर देशभर में पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी रणनीति पर पार्टी अध्यक्ष को राय देने के साथ उसकी प्लानिंग भी बनाएगी.
इन कमेटियों में राजस्थान से सचिन पायलट के अलावा भंवर जितेंद्र सिंह को भी शामिल किया गया है. भंवर जितेंद्र सिंह को पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप में शामिल किया गया है. इसके अलावा राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन को टास्क फोर्स 2024 में जगह दी गई है. एक खास बात ये भी है कि जी-23 के कई चेहरों को भी इन कमेटियों में शामिल कर पार्टी आलाकमान ने साथ मिलकर चलने का संदेश दिया है.






