ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक मुस्लिम विवाहिता के साथ गैंगरेप करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. 26 साल की विवाहिता का कहना है कि उसके साथ उसका पति दरिंदगी करता था. दो देवर और एक अन्य रिश्तेदार हर दूसरी रात गैंगरेप किया करते थे. विवाहिता के साथ बीते 3 साल से यह वहशियाना हरकतें चल रही थीं. सामाजिक बदनामी के डर से वो लंबे समय तक चुप रही, लेकिन जब जुल्म और दर्द की इंतेहा हो गई तब विवाहिता थाने जा पहुंची. पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति, दो देवर और एक रिश्तेदार के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है. दरअसल, ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में तीन साल पहले 26 साल की युवती की शादी हुई थी. शादी के 3 महीने बाद ही उसका पति उसके साथ दरिंदगी करने लगा था.
जब विवाहिता ने विरोध किया तो उसके पति, सास और देवरों ने उसके साथ मारपीट कर चुप रहने की धमकी दी. कुछ दिन बाद ही पित के साथ उसके दो देवर भी विवाहिता के साथ रेप करने लगे. जब विरोध करने लगी तो उसके साथ मारपीट होने लगी. बदनामी के डर से विवाहिता चुप रही तो पति, देवर के हौसले बढ़ते गए. उनके साथ ही एक रिश्तेदार भी विवाहिता के साथ रेप करने लगा.
साल भर पहले थाने पहुंची थी, पति की मन्नत पर लौट आई
विवाहिता ने बताया कि लगभग साल भर पहले वो शिकायत करने पुलिस के पास पहुंच गई थी. लेकिन जैसे ही पति और देवर को पता चला तो दोनों थाने पहुंच गए. दोनों ने हाथ पैर जोड़कर कभी गलत काम ना करने का भरोसा दिलाया जिस पर वो घर लौट आई. इसके बाद पति ने किराए का मकान ले लिया, लेकिन यहां भी पति और देवर उसके साथ गैंगरेप करने लगे. जब उसने विरोध किया तो पति ने कहा देवरों से नजदीकियां बनाओगी तभी खानदान बढ़ेगा. आखिर में तंग होकर विवाहिता थाने पहुंच गई.
विवाहिता अपने मायके वालों के साथ बहोड़ापुर थाना पहुंची. मामला कोतवाली इलाके का था, लिहाज़ा पुलिस ने ज़ीरो पर मामला कायम किया. पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर पति, 2 देवरों एक रिश्तेदार के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है. बहोड़ापुर पुलिस ने अगली कार्रवाई के लिए मामले को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया. FIR दर्ज होने की जानकारी लगते ही आरोपी पति, देवर और रिश्तेदार फरार हो गए हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.






