हिंदू युवती का जबरन मतांतरण करने के बाद उससे दुष्कर्म करने वाले मौलाना ओसामा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की डबरा थाना पुलिस ने बुधवार को सिमरिया गांव से पकड़ लिया। मौलाना का तीन मंजिला मकान मदरसा के पास बना हुआ है, जहां उसका परिवार रहता है। मतांतरण के मुख्य आरोपित इमरान, उसकी मां सग्गो और उसके भाई को पुलिस पहले ही पकड़ चुकी है। डबरा पुलिस ने मौलाना को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायित हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि डबरा में रहने वाले इमरान खान ने खुद का नाम राजू जाटव बताकर गोल पहाड़िया क्षेत्र में रहने वाली युवती से दोस्ती की। इसके बाद दोनों ने शीतला माता मंदिर पर जाकर प्रेम विवाह कर लिया था। जब इमरान अपने घर जंगीपुरा डबरा पहुंचा, तब युवती को पता चला कि उसका नाम राजू नहीं इमरान खान है। यहां मौलाना ओसामा ने युवती का मतांतरण कर इस्लाम कबूल कराया और इमरान से निकाह कराया।
युवती का आरोप है कि निकाह के बाद मौलाना ने शरीर पाक साफ करने के नाम पर मेरे साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद इमरान, उसकी मां सग्गो व भाई युवती को प्रताड़ित करने लगे। युवती का यह भी आरोप है कि इमरान के दोनों भाई पुन्नाी और अमन ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता की शिकायत पर डबरा पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मौलाना पकड़ा जा चुका है, अब इमरान का एक भाई और दो अज्ञात युवकों (जिन्हें सुग्गा युवती का दुष्कर्म कराने के लिए लाई थी) को पुलिस तलाश रही है।





