अलीगढ़: गरीब हो या अमीर, राजा हो या रंक राम सबके हैं. आमतौर पर आपने देखा होगा शहरों और गांवों में लोग सुबह उठकर अपना रोजमर्रा का काम करते हुए भगवान का नाम लेते हैं या भजन करते हैं. अलीगढ़ में एक मामला सामने आया है. जहां सुबह भजन करते वक्त दलित बुजुर्गों कि समुदाय विशेष के कुछ युवकों ने मिलकर जमकर पिटाई कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
अलीगढ़ के सासनी गेट थाने के सराय काले खां का मामला
मामला अलीगढ़ के थाना सासनी गेट इलाके के सराय काले खां का है. जहां एक दलित बुजुर्ग अपने घर के चबूतरे पर बैठकर सुबह सीताराम राम का भजन गाकर दातून कर रहा था. तभी 4-5 मुसलमान समुदाय के दबंग युवक वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठन भी पुलिस स्टेशन सासनी गेट पहुंचे. शिकायत मिलने पर पुलिस ने घायल को उपचार व डॉक्टरी परीक्षण हेतु मलखान सिंह जिला अस्पताल भेज दिया. तहरीर के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्यवाही में जुटी है.
पीड़ित दिनेश ने सुनाई आप बीती
पीड़ित दिनेश ने बताया कि वह भजन कर रहा था. वह सीता-राम, सीता-राम, का भजन कर रहा था. जिसके बाद कुछ लोंगों ने उन्हें मारा. उन्होंने कहा मैं लड़ना नहीं चाहता हूं. कुल चार आदमी थे. उनका नाम नहीं पता.
बजरंग दल के सह संयोजक ने दी जानकारी
बजरंग दल के सह संयोजक भारत गोस्वामी ने बताया की बाबरी मंडी के सराय काले खां में एक दलित बुजुर्ग अपने गेट के बाहर खड़े होकर मंजन कर रहे थे. साथ ही पूजा-पाठ का प्रतिदिन का काम कर रहे थे. 4-5 मुस्लिम युवक घर से निकले उन्होंने पहले उनपर थूका. विरोध करने पर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया. उनकी डॉक्टरी कराई जा रही है.
अलीगढ़ एसएसपी ने दी जानकारी
वहीं, इस पूरे मामले में अलीगढ़ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जानकारी देते हुए बताया है कि सुबह सासनी गेट क्षेत्र के सराय काले खां में दो पड़ोसियों के बीच झगड़े का मामला सामने आया था. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है. शिकायत के आधार पर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है. फिलहाल मौके पर शांति है.





