मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर में एक युवक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मिमिक्री करना भारी पड़ गया. ये युवक अपने दोस्तों के सामने पीएम मोदी और अमित शाह की चाल की नकल कर रहा था. बाद में उसका ये वीडियो वायरल हो गया. बताया गया है कि उसके ही किसी दोस्त ने वीडियो वायरल किया था. पुलिस को इसका पता चला तो एक्शन लेते हुए लड़के को गिरफ्तार कर लिया.
मामला क्या है?
मामला जबलपुर के छोटी ओमती इलाके में रहने वाले आदिल अली से जुड़ा है. आजतक से जुड़े धीरज शाह से मिली जानकारी के मुताबिक आदिल अली कुछ दिन पहले रात के समय अपने कुछ दोस्तों के साथ हंसी-मज़ाक कर रहा था. इस दौरान उसके दोस्तों ने उसे प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की नकल उतारने के लिए कहा. इस पर आदिल ने दोनों नेताओं की चाल की नकल उतार के दिखाई.
दोस्त उसका वीडियो बना रहे थे जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.
लेकिन नकल करते हुए आदिल ने ऐसा क्या किया कि पुलिस ने उसके खिलाफ ऐक्शन ले लिया. दरअसल वीडियो में एक जगह वो पीएम मोदी का जिक्र करते हुए गाली भी देता है. इसलिए वीडियो हम यहां शेयर नहीं कर रहे. कहा जा रहा है कि इसी वजह से उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है.
पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में आजतक ने ओमती के थाना प्रभारी एस बघेल से बात की. उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद इस मामले में FIR दर्ज करवाकर आरोपी आदिल अली को गिरफ्तार किया है. ओमती के थाना प्रभारी ने बताया,
“मेरे वॉट्सऐप ग्रुप में एक मैसेज आया था, जिसमें आदिल अली, निवासी छोटी ओमती, के द्वारा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मिमिक्री की गई थी. मिमिक्री के दौरान उसके द्वारा कुछ आपत्तिजनक बातें कही गईं, जो सुनने में भी खराब लगीं. इससे द्वेष की भावना पैदा होती है. हम लोगों को भी उसको देखकर बहुत बुरा लगा. मैंने इस मामले में अपनी तरफ से रिपोर्ट दर्ज की है और आदिल अली को गिरफ्तार किया गया है.”
खबर के मुताबिक पुलिस ने आदिल के खिलाफ आईपीसी कि धारा 153 A (किसी विशेष समूह या वर्ग के धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि की निंदा करना) और 294 (अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
उधर आदिल अली पर हुई कार्रवाई की खबर फैलते ही लोगों ने अपनी राय देना शुरू कर दिया. फक्रे आलम फारूकी नाम के एक ट्विटर यूजर ने झारखंड के कोडरमा जिले का एक वीडियो शेयर किया. ये वीडियो रामनवमी के एक जुलूस का है, जिसमें कुछ युवा एक समुदाय विशेष के खिलाफ बहुत भद्दे तरीके से गाली देते हुए नारेबाजी कर रहे हैं. फक्रे आलम ने पूछा कि इन युवाओं में से कितनों की गिरफ्तारी हुई है.
हालांकि बता दें कि कोडरमा पुलिस ने उस मामले में कार्रवाई करते हुए कम से कम 5 लोगों को गिरफ्तार किया था. वहीं फक्रे आलम के ट्वीट पर आलोक मिश्रा नाम के एक व्यक्ति ने तंज कसते हुए पूछ लिया कि वो भारत के प्रधानमंत्री को संबोधित कर गाली देने वाले को कौन सा पुरस्कार देने चाहते हैं.





