मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी के दिन राम की शोभा यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हुई। इस खबर को रिपोर्ट करते हुए एक न्यूज़ वेबसाइट द्वारा दावा किया गया कि इस झड़प के दौरान बीजेपी नेता कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) उपस्थित थे। इसी पर कटाक्ष करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने ट्वीट किया। जिस पर बीजेपी नेता ने पलटवार किया।
दिग्विजय सिंह ने कपिल मिश्रा का नाम लेते हुए लिखा कि जहां-जहां पाव पड़े कपिल मिश्रा के वहीं वहीं दंगा और फसाद। क्या इसकी जांच होगी? दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर जवाब देते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि कसाब को हिंदू बताने वाला फिर झूठ फैलाने लगा। मैं जहां था, वहां कोई दंगा नहीं हुआ। और हां जांच हुई तो हर दंगे में किसी जिहादी और उसके पीछे छुपा कोई कांग्रेसी ही सामने आएगा।

उन्होंने आगे लिखा कि खरगोन में जिहादियों ने पथराव किया और आगजनी की। दिग्विजय जैसे लोगों ने बचाने के लिए झूठ फैलाने लगे। कपिल मिश्रा और दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने रिएक्शन दिए हैं। कुछ यूज़र ने कपिल मिश्रा का सपोर्ट करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है तो वहीं कुछ लोगों ने दिग्विजय का साथ दिया है।





