Wednesday, May 6, 2026
Uncategorized

मामा बुलडोजर के राज में ,महिला ने लड़ी लड़ाई तब,पुलिस ने बुलडोज़र चलाया

देवास जिले में गुंडों बदमाशों के खिलाफ पुलिस व प्रशासन का एक्शन जारी है। महिलाओं के सामने फायरिंग करने वाले आरोपित का मकान 24 घंटे के भीतर ही जमींदोज कर दिया गया। गुरुवार शाम को शहर के बालाजीनगर में महिला से विवाद के बाद बदमाश अरमान शेख ने महिलाओं के सामने फायरिंग की थी। इस पर कोतवाली थाने में अरमान व उसके पिता फारुख शेख के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था, लेकिन शुक्रवार सुबह बालाजीनगर की सपना जायसवाल व रहवासी कोतवाली थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके कुछ ही घंटे बाद पुलिस एक्शन में आई और नगर निगम के साथ मिलकर मल्हार रोड स्थित आरोपित के मकान को जेसीबी से मदद से जमींदोज कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपित अन्य अपराधों में भी लिप्त थे। आरोपितों ने कृषि उद्यानिकी विभाग की जमीन पर भी अतिक्रमण कर लिया था। टीम ने अतिक्रमित भूमि को भी मुक्त कराया। मौके पर मौजूद नगर निगम के इंजीनियर नागेश वर्मा ने बताया कि पुलिस से पत्र प्राप्त हुआ था। गुंडा अभियान को लेकर मकान गिराने की कार्रवाई की गई। मकान की पीछे अतिक्रमण भी मिला है। उसे भी हटाया गया है।

कार्रवाई से पहले का घटनाक्रम

-महिला बोली-हाथ जोड़ती हूं…आप बोलें तो पैर पकड़ लेती हूं

सपना जायसवाल निवासी बालाजीनगर ने टीआइ उमरावसिंह के पास पहुंचीं और बोली मैं आपके सामने हाथ जोड़कर रिक्वेस्ट कर रही हूं…आप कहो तो पैर भी पकड़ लूं। इस पर कोतवाली टीआइ बोले भगवान के हाथ जोड़ो। महिला ने कहा कि उनके तो बहुत जोड़ लिए। उन्होंने ही कल फायरिंग में बचाया है। लेकिन आपने जो कार्रवाई की है। उससे हम संतुष्ट नहीं हैं। कल से कोई हादसा हुआ तो कौन जिम्मेदार होगा। इसलिए हाथ जोड़कर विनती करती हूं। इस दौरान टीआइ और सपना जायसवाल के बीच बहस भी हो गई। महिला ने कहा कि हवाई फायरिंग की धारा लगाई गई, जबकि उसने हमारे सामने फायरिंग की है। बहस के बीच कोतवाली टीआइ महिला पर नाराज हो गए। महिला ज्यादा बोलने लगी तो टीआइ ने कहा कि चुप रहिए। वहां मौजूद अन्य लोगों ने स्थिति को संभाला।

दरअसल, गुरुवार को गायों की लड़ाई में सपना जायसवाल के पति संजय जायसवाल की कार डैमेज हो गई थी। इस पर वे अरमान शेख व उसके पिता फारुख शेख को समझाने गए थे कि आपकी गायों की वजह से लोग परेशान हो रहे हैं। इसके बाद अरमान शेख व उसके पिता फारुख शेख से महिला का विवाद हो गया था। इस दौरान अरमान ने सपना सहित अन्य महिलाओं के सामने फायरिंग कर दी थी। मामले में पुलिस ने प्रकरण भी दर्ज किया था, लेकिन महिलाएं और रहवासी धाराओं से संतुष्ट नहीं थे। इसको लेकर वे शुक्रवार सुबह कोतवाली थाने पहुंचे थे।

-अवैध हथियार कहां से आए, आरोपित को कड़ी सजा मिले

सपना जायसवाल का कहना है कि मैं पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हूं। आरोपित को थाने लाना कोई बड़ी बात नहीं हैं। मैं चुप नहीं रहूंगी। जब तक उसे सजा नहीं होगी। उसे कड़ी सजा मिले। उसके पास अवैध हथियार कहां से आए। महिला व रहवासियों का कहना है कि पुलिस ने हवाई फायरिंग का प्रकरण दर्ज किया है, जबकि आरोपित ने महिलाओं पर फायरिंग की है।

Leave a Reply