भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम पर टिप्पणी करते हुए वायरल हुई आपत्तिजनक वीडियो ने तूल पकड़ लिया है। लोगों में जबरदस्त आक्राश है। वहीं दूसरी आरोपित अतिकुर्र ने एक ओर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल की है। 52 सैकेंड के वीडियो में आरोपित ने हाथ जोड़कर पूर्व विधायक संगीत सोम से माफी मांगते हुए कहा है कि उससे नशे में गलती हो गई थी। मुझे माफ कर दीजिए। लेकिन यह मामला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। वीडियो को लेकर सरधना के लोगों में रोष है। इस बीच रविवार को महाराणा प्रताप चौक पर एक पंचायत का आह्वान किया गया है। इसमें बड़ा फैसला लिया जाएगा।
महाराणा प्रताप चौक पर पहुंचने की अपील
संगीत सिंह सोम सेना के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुमार खटीक ने रात को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया। उन्होंने इसमें कहा कि नाहली प्रकरण को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। शनिवार को कई जगह बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि रविवार सुबह 11 बजे कुशावली गांव के ज्वालागढ़ तिराहे स्थित महाराणा प्रताप चौक पर सभी गणमान्य लोगों व युवा शक्ति की एक बड़ी बैठक होगी। उसमें बड़ा फैसला लिया जाएगा। बता दें कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
बीते शुक्रवार को नाहली गांव निवासी अतिकुर्र पुत्र इरशाद ने भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर अमर्यादित भाषा की वीडियो बनाकर वायरल की थी। आरोपित तेलंगाना में फेरी लगाकर कपड़े बेचता है। पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्जकर चार आरोपितों को पकड़ लिया था। इंस्पेक्टर लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि आरोपित अतिकुर्र को पकडऩे के लिए पुलिस की एक टीम शुक्रवार देर रात तेलंगाना रवाना हो गई थी। सीओ आरपी शाही ने बताया कि मुख्य आरोपित के पिता इरशाद व भाई आस मोहम्मद उर्फ राहुल, चांदू पुत्र सुभान अली व ताजू पुत्र सखावत निवासी नाहली गांव को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया। इनका 14 दिन रिमांड भी स्वीकृत हुआ है।





