बागपत, । रोटी बनाते समय थूकने के कई मामले सामने आ चुके हैं लेकिन अब बालों में थूकने की एक घटना वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। मामला मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब से जुड़ा है। वायरल वीडियो में एक महिला के बालों में थूकने के बाद जावेद उसके लाभ भी बताते दिख रहे हैं। बड़ौत निवासी पीड़ित महिला ने इसे महिला सम्मान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। उत्तर प्रदेश महिला आयोग ने भी वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर संबंधित अधिकारियों से तुरंत जांच कर कार्रवाई को कहा है।
यह है मामला
वायरल वीडियो में जावेद हबीब जिस महिला के बालों में थूक रहे हैं, वो बागपत जिला अंतर्गत बड़ौत निवासी पूजा गुप्ता हैं जो वंशिका ब्यूटी पार्लर की संचालिका हैं। जब पूजा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दो लोग उन्हें आमंत्रित करने आए थे। उनके बुलाने पर वो अपने पति संजीव गुप्ता के साथ तीन जनवरी को मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किंग विला होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचीं। एक साबुन निर्माता कंपनी द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम में उन्हें स्टेज पर बुलाया गया। वहां जावेद हबीब ने उनके बालों में थूककर उनका अपमान किया, इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि पार्लर में पानी न हो तो थूक से काम चला सकते हैं। पूजा ने मौके पर ही प्रायोजक से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वापस लौटकर पूजा ने बड़ौत थाने में शिकायत करनी चाही तो पुलिस ने घटना मुजफ्फरनगर की बताकर उन्हें लौटा दिया। पूजा ने बताया कि उन्होंने आइजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसकी शिकायत की है। यह महिला सम्मान की लड़ाई है। वह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगी।
पूजा गुप्ता से लिखित तहरीर ली
मंसूरपुर थाना अंतर्गत बेगराजपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सर्वेश कुमार एक कांस्टेबल के साथ बड़ौत पहुंचे और पूजा गुप्ता से लिखित तहरीर ली। दूसरी ओर गुरुवार शाम मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना अंतर्गत बेेेगराजपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सर्वेश कुमार एक कांस्टेबल के साथ बड़ौत पहुंचे और पूजा गुप्ता से लिखित तहरीर ली। पूजा गुप्ता ने बताया कि इस मामले को रफा-दफा करने के लिए उनके पास दिल्ली से एक फोन भी आया था, उन्होंने स्पष्ट मना कर दिया।
क्रांति सेना ने फूंका जावेद हबीब का पुतला
दूसरी ओर घटना के विरोध में क्रांति सेना ने जावेद हबीब का पुतला फूंका। क्रांति सेना ने जावेद हबीब समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। थाना मंसूरपुर के इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि क्रांति सेना का ज्ञापन मिला है, घटना की जांच की जा रही है9Uहिला आयोग ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने वायरल वीडियो देखने के बाद इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा है। उधर, मुजफ्फरनगर के एसएसपी अभिषेक यादव ने देर शाम बताया कि पूजा गुप्ता की तहरीर प्राप्त हो गई है, सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।





