Thursday, February 26, 2026
Uncategorized

BREAKING NEWS: कांग्रेस नेता का बेटा निकला सरगना अपहरण कांड का

नीमच (उदयपुर) अम्बामाता थाना क्षेत्र के एक युवक के सनसनीखेज अपहरणकांड को पुलिस ने ट्रेस करते हुए अपहरणकर्ताओं के कब्जे से युवक को सकुशल छुड़ाया है। इसमें नीमच के कांग्रेस नेता राजकुमार अहीर का बेटा अनुराग अहीर मास्टरमाइंड निकला है। आरोपित अनुराग अहीर ने साथियों से मिलकर राहुल माखिजा का अपहरण किया था। बाद में उसके पिताजी से इंटरनेट मीडिया पर कॉलिंग के जरिए 80 लाख रुपये की डिमांड की। सोमवार को इंदौर से अपहरणकर्ताओं के कब्जे से युवक को छुड़ाया गया है। उदयपुर आइजी हिंगलाजदान ने प्रेस कांफ्रेस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया है। मुख्य आरोपित अनुराग अहीर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

पत्रकार वार्ता में उदयपुर रेंज के आइजी हिंगलाज दान ने बताया कि 30 दिसंबर को मार्बल व्यवसायी नंदलाल माखिजा के पुत्र राहल माखिजा का अपहरण एवं उसके बाद उसके फोन से ही 80 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जाने पर प्रकरण दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनोज चौधरी द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गोपाल स्वरुप मेवाड़ा के निर्देशन में वृताधिकारी नगर पश्चिम जितेन्द्र आंवलिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अथक प्रयास करते हुए चार दिन बाद राहुल माखिजा को सकुशल इंदौर से मुक्त करा लिया। वारदात में प्रयुक्त तीन कार एवं चोरी का होंडा एक्टिवा स्कूटर भी बरामद किया गया है। अपहर्ताओं ने पूछताछ में बताया कि वारदात के एक दिन पहले सहेली नगर से एक होंडा एक्टिवा स्कूटर चोरी किया था। वारदात के समय ऑफिस जाते समय राहुल माखिजा की गाड़ी के सामने आ एक्सीडेंट कर उसकी आंखों में मिर्ची डाल मारपीट कर अपहरण कर ले गए। बाद में उसकी गाड़ी नंबर प्लेट उखाड़ डंप कर दी। एक कार में राहुल को हाथ-पैर बांधकर डाल दिया गया व उसके विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड-क्रेडिट कार्ड से उससे पासवर्ड पूछकर सहेली नगर एटीएम से 70 हजार रुपये निकलवाए तथा राहुल माखिजा के फोन से वॉट्सएप कॉल के जरिये उसके पिता नंदू माखिजा के फोन पर 80 लाख रुपये की मांग की गई एवं उन रुपयों के लिए इंतजार किया। पुलिस की हलचल देखकर राहुल को लेकर उदयपुर शहर से भागकर नीमच चले गए, वहां एक फार्म हाउस पर रहे। दूसरे दिन राहुल को लेकर इंदौर चले गए। वहां एयरपोर्ट कालोनी स्थित घर में बंधक बनाकर रखा।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम- 26 वर्षीय अनुराग पुत्र राजकुमार अहीर निवासी 42 राजस्व कोलोनी पुलिस थाना केंट नीमच, 26 वर्षीय विपुल अजमेरा पुत्र सुशील अजमेरा जैन निवासी 162, जवाहर नगर नीमच थाना केंट नीमच (नीमच) एवं अन्य पता 14/2 , मकान नंबर 340 विकास नगर थाना केंट हाल, फ्लेट नम्बर 203 जैन नगर सोसायटी पर्वत पाटीया डुम्भाल सूरत (गुजरात), 20 वर्षीय माधव पुत्र सतीश बंसल निवासी 5, दाना गली थाना केंट नीमच, 28 वर्षीय मोहित उर्फ बिटु पुत्र संतोष यादव निवासी 42, राजस्व कोलोनी थाना केंट नीमच, 50 वर्षीय संतोष यादव पुत्र रामराज यादव निवासी बाबू मुरई कालोनी इंदौर

Leave a Reply