नगर निगम, चंडीगढ़ के चुनाव अब राजनीतिक दिग्गजों की नाक का सवाल बन चुके हैं। चंडीगढ़ कांग्रेस को अलविदा कहने वालों के नामों की सूची जहां बढ़ती जा रही है। वहीं, भाजपा का दामन थामने वालों का कुनबा भी बढ़ता जा रहा है।
सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के शहर में अलग अलग कार्यक्रम हुए। आम आदमी पार्टी को और मजबूत बनाते हुए सोमवार को कांग्रेस की चंडीगढ़ इकाई के कई नेता और पदाधिकारी अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हो गए। आप चंडीगढ़ मामलों के प्रभारी और दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह, आप चंडीगढ़ के कन्वीनर प्रेम गर्ग, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा और नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा व विक्रम धवन ने इन नेताओं का औपचारिक स्वागत किया। पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में चंडीगढ़ कांग्रेस के स्टेट सेक्रेटरी यादविंदर मेहता, कांग्रेस सोशल मीडिया सेल के जिला अध्यक्ष एडवोकेट उज्ज्वल भसीन, कार्यकारी सदस्य भारत भूषण अरोड़ा, चंडीगढ़ कांग्रेस के कार्यकारी सदस्य और चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनीता शर्मा, वार्ड नंबर 17 से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मनदीप भारद्वाज और कांग्रेस नेता कमलेश चौधरी, रोजलिन कौर के नाम शामिल हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं का स्वागत करते हुए जरनैल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ की टीम पूरी निष्ठा से काम कर रही है और नगर निगम चुनाव से पहले दिन ब दिन मजबूत होती जा रही है।
भाजपा के कुनबे में भी हुई बढ़ोतरी
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि सेक्टर 38 में अनुसूचित समाज के सैकड़ों लोगों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष आशा जसवाल, महामंत्री रामवीर भट्टी, जिलाध्यक्ष रविंदर पठानिया उपस्थित रहे। दूसरा कार्यक्रम मनीमाजरा इंद्रा कालोनी में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में भी अरुण सूद की उपस्थिति में चंडीगढ़ के मनीमाजरा में जिला पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जिला उपाध्यक्ष राजेश चहल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा चंडीगढ़ का दामन थामा।





