दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 तैयारी में जुटी कांग्रेस के लिए सोमवार को बुरी खबर आई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुलाई गई बैठक से 24 घंटे पहले ही कई कांग्रेस नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। बता दें कि सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस ने भी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच मौजूदा स्थिति और दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर ही मंगलवार शाम चार बजे पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अनिल चौधरी और पांचों उपाध्यक्षों की एक बैठक बुलाई है।
कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी AAP में शामिल
उधर, दिल्ली निगम चुनाव को देखते हुए आप का अपना कुनबा बढ़ाने का अभियान जारी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक राघव चड्ढा ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। राघव चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम, शासन और ईमानदार राजनीति से प्रेरित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। AAP में कांग्रेस के विकास शर्मा व मेहर यादव अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। करोलबाग से संबंध रखने वाले विकास शर्मा व राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले मेहर यादव ने लंबे समय तक कांग्रेस की सेवा की है।





