जमुई। दुष्कर्म का एक और मामला शनिवार को जमुई में सामने आया है। इससे पूर्व शुक्रवार को एक विधवा द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था। इस बार खैरा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह और सोनो प्रखंड अध्यक्ष रामानुज सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए खैरा थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में महिला ने बिहार पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपया लेने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2020 में बिहार पुलिस में बहाली के लिए उससे हरेंद्र सिंह ने डेढ़ लाख रुपए की मांग की थी। उसके बाद एक लाख रुपया दिया गया था फिर 45 हजार रुपये भी मेडिकल के नाम पर लिया गया।
इस दौरान दोनों ने मुझे बुलाकर नौकरी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और अश्लील वीडियो बनाकर कई बार शोषण करता रहा। किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी जाती थी। जिस वजह से डर से मैं किसी को बताने में असमर्थ थी। इसी का फायदा उठाकर उसके साथ दोनों शारीरिक शोषण करते रहा। कई महीने बाद जब नौकरी नहीं लगी तो उसके पति द्वारा पैसे की मांग की जाने लगी। कई बार उनलोगों से भी पैसे की मांग की गई लेकिन पैसा नहीं मिला तो थक-हार कर पुलिस से मदद लेना मुनासिब समझी।
-महिला ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष व प्रखंड अध्यक्ष पर यौन शोषण का लगाया आरोप
-खैरा थाना में आवेदन देकर महिला ने न्याय की लगाई गुहार
-बिहार पुलिस में भर्ती के लिए डेढ़ लाख रुपया लेने का लगाया आरोप
इधर हरेंद्र सिंह ने कहा कि महिला द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद और झूठा है। दो दिन पहले महिला अपने पति के साथ मेरे घर आई थी और सोनो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रामानुज सिंह से पैसा दिलाने की बात कह रही थी। महिला ने खुद स्वीकार किया है कि इस मामले से आप अलग हैं। मामले की जांच कर महिला को पैसा रामानुज से भी दिलाने की बात कही गई थी, जिसका साक्ष्य मेरे पास मौजूद है। राजनीतिक द्वेष में ऐसी ओछी हरकत की जा रही है। पंचायत चुनाव के दौरान मेरी छवि को खराब करने की साजिश रची जा रही है। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग करता हूं। जांच के बाद घटना की हकीकत लोगों के सामने आ जाएगी।
जमुई एसपी डा राकेश कुमार ने कहा कि महिला द्वारा आवेदन देकर यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। अनुसंधान के बाद घटना से संबंधित जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





