पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) के सलाहकार मालविंदर सिंह माली (Malwinder Singh Mali) का कश्मीर पर दिया गया बयान का विवाद अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब उनके फेसबुक पेज पर लगी फोटो कांग्रेसियों को परेशान कर रही है। कश्मीर को अलग देश बताने के बाद उन्होंने अब गांधी परिवार पर ही निशाना साधा है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का विवादित कार्टून शेयर कर किया है और इस पर विवादित टिप्पणी भी की है। इससे सिद्धू की परेशानी बढ़ सकती है।
पता चला है कि कुछ सीनियर टकसाली नेताओं ने इस बाबत नवजोत सिद्धू को कहा भी है कि वह मालविंदर माली को इस तरह की बयानबाजी न करने और इंदिरा गांधी संबंधी पोस्टर हटाने को कहें, लेकिन सिद्धू ने फिलहाल उन्हें कोई रिस्पांस नहीं दिया है।
मालविंदर माली ने अपने फेसबुक पेज (Facebook Page) पर अस्सी और नब्बे के दशक में उनके द्वारा संपादित मैगजीन जनतक पैगाम का मुख्य पृष्ठ का फोटो लगाया हुआ है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को हाथ में बंदूक लिए दिखाया हुआ है और उस बंदूक के सिरे पर एक कंकाल लटक रहा है। इंदिरा गांधी के पीछे भी कंकालों का ढेर लगा हुआ है। पेज पर पंजाबी में लिखा कि हर जाबर दी इही कहाणी, करना जबर ते मुंह दी खाणी।
कांग्रेस में गांधी परिवार के करीबी नेताओं को यह भा नहीं रहा है कि प्रदेश कांग्रेस के प्रधान का सलाहकार इस तरह के फोटो अपने पेज पर लगाए। इन नेताओं का कहना है कि एक तरफ नवजोत सिंह सिद्धू अपने आपको राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का करीबी कहलवाते हैं और दूसरी ओर उनके सलाहकार इस तरह के विवादित कार्टून और टिप्पणी शेयर करते हैं। अपनी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बारे में इस तरह की टिप्प्णी और कार्टून शेयर करना कांग्रेसियों को कैसे रास आ सकता है। दरअसल, यह फोटो आतंकवाद के दौर में कार्रवाई और 1984 के सिखों के कत्लेआम को दिखाता है और इस मुद्दे पर हमेशा ही कांग्रेस घिरती रही है।
इससे पहले भी मालविंदर माली कश्मीर के मुद्दे अपनी टिप्पणी को लेकर घिर गए थे, जिसमें उन्होंने कहा कि कश्मीर अलग देश और इस पर भारत और पाकिस्तान ने कब्जा कर रखा है। हालांकि उनकी इस टिप्पणी पर फेसबुक पर कई ने उनके पक्ष में बोला तो कई ने उन्हें एक और फ्रंट न खोलने के लिए ताकीद दी। कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू आपके साथ ऐसे मुद्दों पर स्टैंड नहीं लेगा





