Monday, February 23, 2026
Uncategorized

SNK गुटके के मालिक पहुंचे जेल

महानिदेशक जीएसटी इंटेलिजेंस की मेरठ की टीम ने एसएनके पान मसाला समूह की फैक्ट्री में छापा मारकर मालिक नवीन कुरेले और निदेशक अविनाश मोदी मंगलवार की पूरी रात काकादेव थाने के लाॅकअप में रखा। बुधवार दोपहर 12:15 बजे उन्हें कोर्ट ले जाया गया, जहां पर जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने ट्रांजिट रिमांड की मांग रखी। जीएसएटी के अफसर ट्रांजिट रिमांड मिलने पर उन्हें मेरठ लेकर जाएंगे।

दिल्ली में पान मसाला के लेमिनेशन पैकेजिंग मैटीरियल बनाने वाली कंपनी में छापे के बाद महानिदेशक जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों की निगाह में कानपुर का एसएनके पान मसाला समूह आया था। इसके बाद सोमवार को अधिकारियों ने कानपुर में पनकी स्थित पान मसाला फैक्ट्री पर जांच शुरू की थी। इस जांच में कंपनी द्वारा करोड़ों की कर अपवंचना की बात सामने आई थी। कंपनी ने दिल्ली की फर्म से काफी ज्यादा माल खरीदा और उससे तैयार माल की बिक्री चोरी से की गई और जीएसटी में बहुत कम माल की बिकी दर्शायी गई।

महानिदेशक जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने एसएनके पान मसाला समूह के नवीन कुरेले और अविनाश मोदी को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार किया था और रात में मेडिकल परीक्षण के बाद काकादेव थाने लेकर आए थे। यहां पुलिस कमिश्नर असीम अरुण की अनुमति के बाद काकादेव इंस्पेक्टर कुंज बिहारी मिश्रा ने उन्हें रात भर लॉकअप में रखने की अनुमति दी। बुधवार की सुबह निदेशक जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने सर्वोदय नगर स्थित जीएसटी कार्यालय से सारे कागजात तैयार किए। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे काकादेव थाने पहुंचे और पुलिस ने उन्हें अपनी कस्टडी में लिया। इसके बाद करीब 12:15 बजे अधिकारी उन्हें लेकर कोर्ट रवाना हो गए।

काकादेव थाने के इंस्पेक्टर कुंज बिहारी मिश्रा के मुताबिक मंगलवार रात महानिदेशक जीएसटी इंटेलिजेंस के अधिकारी पान मसाला कारोबारियों को लेकर आए थे। उनके अपने ऑफिस में लॉकअप न होने की वजह से थाने के लाॅकअप में रखने की बात कही थी। पुलिस कमिश्नर से अनुमति के बाद दोनों को लॉकअप में रखा गया था और सुबह अधिकारियों के आने पर उन्हें हवाले कर दिया गया है।

Leave a Reply