रामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां दहेज की मांग ना पूरी करने पर एक शौहर ने अपनी बीवी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी. पहले तो शौहर ने बीवी को तीन तलाक दे दिया. तलाक देने के बाद उसका अपने भाई के साथ हलाला के नाम पर जबरदस्ती बलात्कार कराया. इसके खुद भी बीवी के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया. इसके बाद महिला ने पुलिस में शौहर तथा ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
मामला रामपुर के स्वार थाना इलाके के काशीपुर गांव का है जहां पीड़ित महिला अपने शौहर फरीद पर उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है. पीड़िता ने बताया कि तीन तलाक देने पर उसके देवर ने बलात्कार भी किया. पीडिता की मानें तो उसकी शादी को एक साल हो गया है.
महिला का आरोप है कि उसका पति और ससुराल पक्ष दहेज में 10 लाख रुपये और वैगनआर कार की मांग कर रहा था. पीड़िता के घरवाले आर्थिक तंगी के चलते ससुराल पक्ष की मांग पूरी नहीं कर पाए जिसके बाद उसके पति फरीद ने उसे तीन तलाक दे दिया. महिला ने आरोप लगाया कि तीन तलाक देने के बाद पति ने उसे कमरे में बंद कर दिया और ससुर से उसे पिटवाते थे. तीन तलाक देने के बाद हलाला के नाम पर छोटे देवर के साथ जबरदस्ती संबंध भी बनवाए.
घटना की अगली सुबह वह किसी तरह ससुराल से निकलकर मायके पहुंची और उसने पुलिस में शिकायत की. महिला की शिकायत पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, बलात्कार संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा उसी आधार पर आगे की कार्यवाई की जाएगी.





