3 राज्यों के जालसाज शामिल सांसद के पैसे गायब करने में,
बिहार के BJP सांसद जनार्दन सिंह खाते से कैसे गायब हुए 89 लाख रुपये, कौन है मास्टर माइंड?
बिहार के महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के क्षेत्र विकास निधि से 89 लाखों रुपए गायब करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है.
पटना. बिहार के महाराजगंज के भाजपा (BJP) सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के क्षेत्र विकास निधि से 89 लाखों रुपए गायब करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. ठगी (Fraud) के इस बड़े मामले में झारखंड, मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) और महाराष्ट्र (Maharashtra) यानी 3 राज्यों के जालसाजों की संलिप्तता सामने आई है. सांसद के क्षेत्र विकास निधि का खाता छपरा के बैंक ऑफ बड़ौदा में है. खाते के चेक को क्लोन कर जालसाजों ने 89 लख रुपए निकाल लिए थे जिससे सनसनी फैल गई थी. इस मामले में अब तक 6 जालसाजों की संलिप्तता पाई गई है. इनमें जालसाज विनय कुमार सिंह और जगजीत सिंह को बीते अप्रैल महीने में पूर्वी सिंहभूम से गिरफ्तार किया गया था.
इओयू ने अनुसंधान के बाद इनदोनो के खिलाफ चार्जशीट भी दायर कर दी है. वहीं चार के खिलाफ अनुसंधान अभी किया जा रहा है. इन चारों में महाराष्ट्र के अहमदनगर जेल में बंद संदीप मांगीलाल कोठारी और गणेश विट्ठल आवडे को रिमांड पर लिया गया है. इन दोनों का प्रोडक्शन छपरा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करा दिया गया है. विनय कुमार सिंह मुंबई के मरीन ड्राइव थाना के एक मामले में पहले ही सजा काट चुका है. इओयू के अधिकारियों के अनुसार इस गिरोह का सरगना जमशेदपुर का रहने वाला है. इसका नाम वेद प्रकाश उपाध्याय उर्फ संजय प्रकाश उपाध्याय बताया जाता है.
गिरफ्त से बाहर है मास्टर माइंड
मिली जानकारी के अनुसार वेद प्रकाश उपाध्याय ही इस पूरी जालसाजी का मास्टरमाइंड है. जालसाजों ने सबसे पहले सांसद निधि के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर का सिम निकाला और उसे के बाद क्लोन चेक के जरिए पहली बार 42 लाख और फिर 47 लाख रुपये क्लियर करने के लिए महाराष्ट्र के सावेदी में बैंक में डाले. मोबाइल नंबर पहले ही जालसाजों द्वारा हासिल कर लिया गया था. लिहाजा कोई मैसेज खाता हैंडल करने वालों तक नहीं पहुंच पाया. क्लोन चेक आरोपी श्रवन मल्लया टेगलापेल्ली द्वारा संदीप मांगीलाल कोठारी को उपलब्ध कराया गया. चेक क्लियर होते ही पैसे मांगीलाल के खाते में ट्रांसफर हो गए. एक बार में चुकी वह इतनी बड़ी रकम नहीं निकाल सकता था. इसलिए उसके द्वारा आरटीजीएस के जरिए बाकी रकम गणेश विट्ठल गावडे के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया. एक आरोपी द्वारा मांगीलाल कोठारी को उपलब्ध कराया गया होने के बाद मांगीलाल के खाते में पैसे ट्रांसफर हो गए.
अमित शाह से शिकायत
सांसद ने जालसाजी की जानकारी मिलते ही इसकी शिकायत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा लोकसभाध्यक्ष ओम बिड़ला और बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएमडी से की थी जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस आरोपित को कब्जे में लेकर पूछताछ की. महाराष्ट्र पुलिस छपरा आकर मामले की जांच कर चुकी है. तत्कालीन जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के निर्देश पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी. छपरा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.





