भीम आर्मी के बैनर-पोस्टर की आड़ में हिंदुओं को बनाया जा रहा था ईसाई, पादरी रमेश समेत 4 गिरफ्तार: UP के गाजीपुर का मामला

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस ने ईसाई धर्मांतरण के एक कथित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जंगीपुर इलाके से पादरी रमेश सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जंगीपुर के तारनपुर गाँव में भीम आर्मी के बैनर-पोस्टर का सहारा लेकर ग्रामीणों को गुमराह किया जा रहा था।
आरोप है कि पादरी रमेश और उसके साथी हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई मजहब अपनाने के लिए लोगों को लालच और प्रलोभन दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने 8 मई 2026 (शुक्रवार) को मंडी समिति के पास एक मकान पर छापा मारा।
उस समय वहाँ एक सभा चल रही थी। पुलिस ने मौके से पाँच बाइबिल बरामद कीं और चार मुख्य आरोपितों पादरी रमेश कुमार चंचल, विजेंद्र, विष्णु और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा करीब दर्जनभर अज्ञात लोगों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाने पर प्रदर्शन और हंगामा
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता भड़क गए। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जंगीपुर थाने का घेराव किया और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी आरोपितों को तुरंत छोड़ने की माँग कर रहे थे।
स्थिति को देखते हुए सीओ सिटी शेखर सेंगर मौके पर पहुँचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जंगीपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित रमेश कुमार चंचल लोगों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल मामले की गहन जाँच जारी है और अन्य फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।






