Wednesday, March 25, 2026
Uncategorized

वो रोती रही,बलात्कारी घूमते रहे,पुलिस के पास समय नही था,फिर ये हुआ….

उज्जैन।दुष्कर्म पीडि़ता की रिपोर्ट पर नानाखेड़ा पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धारा 376 में कायमी की। एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया लेकिन दूसरे आरोपी को पकडऩे में नाकामयाब रही जिसका नतीजा यह हुआ कि फरार आरोपी ने बीती रात महिला के गले पर चाकू से हमला कर दिया। जिसकी रिपोर्ट नीलगंगा थाने में दर्ज कराई गई वहीं महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया। परिजनों ने कहा कि यहां भी हमलावरों को भय बना हुआ है।
शिकायत की तो पुलिस ने कहा अभी टाईम नहीं है

घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। उसने बताया कि फरार रमेश मालवीय द्वारा केस में समझौता करने नहीं तो जान से खत्म करने की धमकी रोज मिल रही थी। थाने में इसकी शिकायत करने गई तो पुलिस ने जवाब दिया कि अभी टाईम नहीं है पुलिस दूसरे काम में व्यस्त है जब समय मिलेगा तो आरोपी को पकड़ लेंगे। महिला ने कहा कि यदि पुलिस फरार आरोपी को समय पर पकड़ लेती तो वह हमला नहीं कर पाते।
यह था मामला
बसंत विहार कालोनी में रहने वाली 29 वर्षीय महिला नानाखेड़ा थाने में दुष्कर्म की शिकायत लेकर पहुंची थी। यहां पदस्थ एसआई चांदनी पाटीदार ने महिला की रिपोर्ट दर्ज न करते हुए समझौते का दबाव बनाया। महिला ने पुलिस द्वारा आरोपियों की दलाली करने पर मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखा। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने 30 नवंबर को रामू जाटवा और रमेश मालवीय के खिलाफ धारा 376 का केस दर्ज किया जिसके बाद रामू जाटवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन रमेश मालवीय अब तक फरार है।
यह हुआ बीती रात

दुष्कर्म पीडि़ता अपने घर बसंत विहार से न्यू इंदिरा नगर एकता नगर क्षेत्र स्थित ससुराल कपड़े सिलाने गई थी। उसी क्षेत्र में रात 9 बजे रमेश मालवीय और मोहन पटेल ने उसे रोका व पीछे से गर्दन पर चाकू मार दिये। बदमाशों ने कहा कि दुष्कर्म केस वापस नहीं लिया तो जान से खत्म कर देंगे।

Leave a Reply