Sunday, April 5, 2026
Uncategorized

बरेलवी मुसलमानों ने पकड़ा कांग्रेस को,अखिलेश से नाराज़गी

बरेलवी मुसलमानों के धार्मिक गुरु और इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने बताया कि वह यूपी चुनाव में किस पार्टी का समर्थन करेंगे. उन्होंने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने यूपी समेत पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन का ऐलान किया.

राहुल-प्रियंका के नेतृत्व पर जताया भरोसा
वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. उन्होंने कहा कि देश में शांति की बहाली, संविधान की रक्षा, पिछड़ो, दलितों, शोषितों और वंचितों और अल्पसंख्यकों के साथ-साथ युवाओं और किसानों की रक्षा व खुशहाली इस समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ही सम्भव है.

उन्होंने कहा “मैंने चुनाव में शामिल तमाम सियासी पार्टियों के नेताओं से मुस्लिम समाज की समस्याओं पर चर्चा की और उनसे इन मुद्दों को अपने घोषणा पत्र में शामिल करने तथा पार्टी की बैठकों में उन पर चिंतन करने के लिए कहा, लेकिन कांग्रेस के अलावा किसी भी राजनैतिक दल ने इन समस्याओं पर खुलकर बात करना उचित नहीं समझा.”

तौकीर रजा खां का मुसलमानों के बरेलवी मसलक में प्रभाव माना जाता है. उनकी इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल एक राजनीतिक दल है.

अखिलेश यादव पर साधा निशाना
खां ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘अखिलेश यादव जिस अहंकार से ग्रस्त हैं और मुस्लिम नेतृत्व को किनारे लगाकर और भाजपा से हाथ मिलाकर समाजवादी पार्टी का झण्डा बुलन्द करने चले हैं, उनका सपना कभी साकार नहीं होगा. पूर्व में भी उन्हीं की सरकारों के समय मुस्लिम समाज ने स्वयं को सबसे ज्यादा ठगा हुआ महसूस किया है.”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मौलाना तौकीर रजा खां की तरफ से दिए गए समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया.  उन्हों कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में यह समर्थन महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा.

Leave a Reply