महाराष्ट्र के 29 नगर निगम चुनावों के एग्जिट पोल ने बड़ा संकेत दिया है कि बीजेपी-एकनाथ शिंदे गुट की महायुति को मुंबई BMC में जबरदस्त जीत मिलने वाली है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के गठबंधन को घरेलू मैदान पर ही करारी शिकस्त मिलती दिख रही है। Axis My India एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी+ को 131 से 151 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि शिवसेना (UBT) गठबंधन को सिर्फ 58 से 68 सीटें मिल सकती हैं। कॉन्ग्रेस को महज 12 से 16 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
यह चुनाव उत्तर भारतीयों के वोट बैंक पर केंद्रित रहा। Axis My India के आँकड़ों के मुताबिक, 68% उत्तर भारतीयों ने महायुति को वोट दिया, जबकि ठाकरे गठबंधन को सिर्फ 19% वोट मिले। यूपी-बिहार के मतदाताओं ने एकजुट होकर बीजेपी-शिंदे को चुना, जिसने उन्हें सुरक्षा और सम्मान का वादा किया। ‘बाहरी’ और ‘गाली’ वाली राजनीति ने इस वोट बैंक को पूरी तरह बीजेपी की गोद में डाल दिया।
JVC एग्जिट पोल में भी महायुति को 138 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि शिवसेना (UBT) को 59 सीटें और कांग्रेस को 23 सीटें। Sakal पोल में महायुति को 119 सीटें मिलने की बात कही गई है, जबकि ठाकरे गठबंधन को 75 सीटें। सभी पोल्स में महायुति बहुमत के आंकड़े (114 सीटें) को आसानी से पार करती दिख रही है।
उत्तर भारतीयों और अन्य राज्यों के मतदाताओं ने एकतरफा बीजेपी का साथ दिया। ठाकरे ब्रदर्स की ‘मराठी मानूस’ और उत्तर भारतीय विरोधी रणनीति उल्टी पड़ गई। मराठी वोटर भी पूरी तरह उनके साथ नहीं आए। एग्जिट पोल में युवा और महिलाओं में भी बीजेपी को बढ़त मिली है।
अन्य नगर निगमों में भी महायुति मजबूत दिख रही है। अमरावती, अकोला, लातूर, चंद्रपुर, जलगाँव जैसे शहरों में बीजेपी की जीत की संभावना है। कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर में भी महायुति आगे है। सांगली और भिवंडी में कॉन्ग्रेस को कुछ उम्मीद है।
मतगणना शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होगी। मुंबई में 15 केंद्रों पर गिनती होगी और शाम 4 बजे तक फाइनल नतीजे आने की उम्मीद है। कुल 15,931 उम्मीदवारों का फैसला होगा। प्रशासन ने 64,000 कर्मचारियों को तैनात किया है।
यह चुनाव ठाकरे परिवार के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। मुंबई जैसे महानगर में ‘देश सबका है’ वाली बात को मतदाताओं ने साफ संदेश दिया है।






