: गढ़वा शहर में एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. बताया गया कि पीड़िता शांति निवास विद्यालय में नौंवी कक्षा की छात्रा है. छात्रा जब अपने डेरा से विद्यालय जा रही थी, उसी दौरान बीच रास्ते में आरोपी ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ एक चारपहिया वाहन से उसका अपहरण कर लिया और उसे रांकी मुहल्ला स्थित एक किराये के मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया.
सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी गढ़वा थाना क्षेत्र के झुलुआ गांव निवासी बाकर अली का पुत्र हारुल अंसारी है. इस संबंध में बताया गया कि पीड़ित छात्रा खरौंधी थाना क्षेत्र की रहने वाली है.
वह यहां गढ़वा शहर में पढ़ाई करने हेतु एक किराये के मकान में अपने माता-पिता के साथ रहती है. आरोप है कि दुष्कर्म की घटना के दौरान जब छात्रा शोर मचाने लगी, तो उसे जान से मारने की कोशिश की गयी.
पुलिस को सूचना के बाद हुई गिरफ्तारी
बताया गया कि छात्रा के साथ गलत किये जाने की भनक आसपास के लोगों को लगी, उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को गिरफ्तार कर लिया.
इस संबंध में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता के मेडिकल जांच कराया गया है. पुलिस अन्य बिंदु पर भी जांच कर रही है.





