कोलकाता, 01 नवंबर। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोमवार को कांग्रेस के साथ अगले लोकसभा चुनाव में किसी भी गठबंधन की संभावना को खारिज करते हुए यूनाइटेड प्रोग्रेसिव गठबंधन (UPA) से अलग रहने की घोषणा की है। ममता ने कांग्रेस पर धोखा देने का भी आरोप लगाया है।
सोमवार को गोवा से कोलकाता लौटीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जानबाजार में काली पूजा उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस पर करारे हमले किए। बीजेपी के साथ ममता के पूर्व में हुए समझौते को अधीर रंजन चौधरी के याद दिलाने पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि समझौता करने का काम कांग्रेस का रहा है। हम कभी भी भारतीय जनता पार्टी को शक्तिशाली नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस को साथ लेकर चलना चाहते थे, लेकिन अब ऐसा होगा नहीं। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य (पश्चिम बंगाल) में कांग्रेस कदम-कदम पर हमसे लड़ती है और उम्मीद करती है कि दूसरी जगह पर हम उनका समर्थन करेंगे तो ऐसा हो नहीं सकता।
यूपीए सरकार में केन्द्रीय मंत्री रहीं ममता बनर्जी ने पूर्व में कांग्रेस के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में भी डीजल और पेट्रोल का दाम बढ़ता था। कांग्रेस ने लोगों के साथ धोखा किया। इसीलिए हमने फैसला लिया कि यूपीए से अलग रहेंगे।
सावधानी से पटाखे फोड़ने की नसीहत
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट से हरित पटाखे फोड़ने की मंजूरी मिलने के संबंध में कहा कि लोग दीपावली के दिन पटाखे जलाएं लेकिन सावधानी से। उन्होंने कहा कि हरित पटाखे जलाने में भी काफी सावधानी बरतनी होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।





