दरअसल अभी बीते दिनों ही पॉपुलर रियलिटी शो इंडियाज़ बेस्ट डांसर के सेट का एक वीडियो इंटरनेट पर बहुत तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में एक्ट्रेस नोरा फतेही और कोरियोग्राफर टैरेंस लुईस डांस कर रहे थे. वीडियो में एक मूमेंट ऐसा भी था जिसे देखकर लोगों ने दावा किया था कि टैरेंस ने नोरा को गलत तरीके से छुआ और ये सब उन्होंने जान बूझकर किया. तब भी मामले पर टैरेंस ने अपनी सफाई दी थी और अपने को निर्दोष बताते हुए तमाम बातें की थीं. एक्टर मनीष पॉल के पॉडकास्ट में टैरेंस ने उस घटना पर एक बार फिर अपना पक्ष रखा है और अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत और निराधार घोषित किया है.
आरोपों पर अपनी बात रखते हुए टैरेंस ने उस पूरी घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, ‘वो एक बहुत ही साधारण सा मूमेंट था. शो में बतौर मेहमान शत्रुघन सिन्हा और उनकी पत्नी आए हुए थे. गीता कपूर का जिक्र करते हुए टैरेंस ने कहा कि गीता चाहती थीं कि शो में शत्रु और उनकी पत्नी का खूब अच्छे से स्वागत हो. चूंकि उस समय शो की जज मलाइका को कोविड हुआ था इसलिए नोरा को लाया गया था. वहां हमने डांस किया और मुझे तो ये याद भी नहीं कि कब मेरा हाथ नोरा से टच हुआ. वहीं टैरेंस ने सवाल उठाते हुए ये भी कहा कि क्या सच में मेरा हाथ नोरा से टच हुआ?
टैरेंस ने सवाल किया कि आखिर वो क्यों ही किसी को गलत तरह से टच करेंगे? टैरेंस के अनुसार उन्हें इस बात का बखूबी एहसास है कि सेट पर चारों तरफ कैमरा लगा होता है और किसी को बेवजह छूना वाक़ई बड़ा भद्दा है. ऐसा बिल्कुल नहीं था कि मनीष पॉल से पॉडकास्ट में बात करते हुए टैरेंस सिर्फ इतना पर ही चुप हुए. घटना के बाद की जटिलताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे मैसेजेस के ज़रिए अपशब्द कहे गए. जबकि वो नोरा के साथ पहले भी क्लोज़ली डांस कर चुके हैं.
पॉडकास्ट के दौरान टैरेंस ने इस बात को भी माना कि जब आप ऐसी किसी इंटेंस परफॉर्मेंस के बीच में होते हो, तो आप उस ज़ोन में चले जाते हैं जहां ये सब बातें या ये कहें कि किसी को छूने जैसी चीजें व्यक्ति के जेहन में आती भी नहीं हैं.






