विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस में बगावत भी खूब देखने को मिल रही है. अभी कमलनाथ के करीबी पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे के पार्टी छोड़ने का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक कांग्रेस एक और बड़े नेता ने बागी तेवर दिखाए हैं, यह नेता कल हुई कांग्रेस डेलीगेट्स की बड़ी बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे, जबकि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी भी जाहिर की है. वहीं नेताओं की बगावत पर कमलनाथ भी बड़ा बयान देते हुए दो टूक चेतावनी दी है.
पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने जताई नाराजगी
कांग्रेस के नेता एक के बाद एक पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, दो दिन पहले पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे ने पार्टी छोड़ी थी, वहीं अब पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने भी बागी तेवर दिखाए हैं, उन्होंने पार्टी पर अपने सुझाव को अनदेखा करने का आरोप लगाते हुए पार्टी की बैठक से किनारा किया है, जबकि ट्वीट कर अपनी नाराजगी भी जताई है.
इस बात से नाराज हैं हेमंत कटारे
हेमंत कटारे ने ट्वीट करते हुए बताया कि ”ग्वालियर-चंबल अंचल के OBC के सबसे वरिष्ठ नेता जय श्रीराम बघेल जी का नाम मेरे द्वारा प्रदेश प्रतिनिधि के तौर पर सुझाया गया था, परंतु मेरे इस सुझाव की हुई अनदेखी से में दुखी हूं और इसी कारण से आज की बैठक में भी अनुपस्थित रहा. इस विषय पर आप सभी का ध्यान-आकर्षण करना बेहद जरूरी है क्यूंकि मुझे प्राप्त जानकारी अनुसार पूरे प्रदेश में कहीं भी बघेल समाज के व्यक्ति को मौका नहीं मिला है और पूरे भिंड जिले से भी किसी भी OBC को प्रदेश प्रतिनिधि के तौर पर स्थान नहीं दिया गया है. यह एक बड़ी चूक है.”
हेमंत कटारे ने लिखा कि ”मेरा आग्रह है के मेरे स्थान पर OBC के वरिष्ठ नेता श्री जय श्री राम बघेल जी को प्रदेश प्रतिनिधि के तौर पर अवसर दिया जाए. निश्चित तौर पर पर कांग्रेस पार्टी को इस सुझाव से पूरे संभाग में लाभ मिलेगा.” इसी बात से नाराज होकर हेमंत कटारे कल बैठक में नहीं पहुंचे.






