पीड़िता ने बताया कि आए दिन की प्रताड़ना से परेशान होकर एक दिन वो सामान लेकर घर से निकल गई, लेकिन जाहिद उसे जबरदस्ती वापस ले आया। युवती का कहना है कि जब वह काम पर जाती थी तो आरोपित दूसरी लड़कियों को घर लाकर उनसे शारीरिक संबंध बनाता था।
बुधवार (26 अक्टूबर 2022) को पीड़िता ने पुलिस में इसकी शिकायत पुलिस में दी। पुलिस ने FIR दर्ज करके आरोपित जाहिद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इसी केस में वांटेड उसके भाई साजिद की तलाश कर रही है। हिन्दू संगठनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की माँग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला शाजापुर जिले के शुजालपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने थाने में दी गई शिकायत में बताया है कि उसकी पहली शादी परिजनों की मंजूरी से हुई थी, जो घरेलू कलह से ज्यादा दिन नहीं चल पाई।
पीड़िता ने अपनी जीविका चलाने के लिए एयरटेल कम्पनी में नौकरी कर ली। पीड़िता के एक रिश्तेदार भोपाल के करौंद इलाके में रहते थे। वहाँ युवती अक्सर आती-जाती रहती थी। आरोप है कि करौंद में ही युवती की मुलाकात जाहिद से हुई थी, जो पहली बार युवती से गामा नाम से मिला था।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने आगे बताया कि गामा बने जाहिद ने लगभग 14 साल पहले पहली बार अपना परिचय पंडित के रूप में दिया। गामा के अब्बा का नाम शेख सईद है, जो शाजापुर के डाबरीपुरा में रहता है। खुद को ब्राह्मण बताते हुए गामा ने पीड़िता को विश्वास में लिया और शादी का वादा किया। इस दौरान उसने कई बार युवती से शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का दावा है कि उसे गामा के मुस्लिम होने की जानकारी कुछ साल पहले हुई थी। युवती के अनुसार, 7 साल के रिश्ते के बाद जब वो गर्भवती हुई तब उसने गामा पर शादी करने का दबाव बनाया। इसके बाद उसने कोर्ट मैरिज कर ली। महिला ने बताया कि इस दौरान गामा के कागजातों को देख कर पीड़िता को उसके मुस्लिम होने का पता चला।
महिला का कहना है कि अपने होने वाले बच्चे के बारे में सोचकर वह सब कुछ जानकर भी चुप रही। इस दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया। युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि अपनी पोल खुल जाने के बाद जाहिद आए दिन उसे प्रताड़ित करने लगा। आरोप है कि जाहिद ने युवती को कत्ल करने की भी धमकी दी थी।
युवती ने अपनी आपबीती बताते हुए आगे कहा कि उसका बेटा लगभग 8 साल का हो चुका है, लेकिन अभी तक जाहिद ने उसका कोई कागजात नहीं बनवाया। पीड़िता के मुताबिक, जब वो इसके लिए कहती थी तो उस पर जाहिद हिन्दू धर्म त्यागकर मुस्लिम बनने का दबाव बनाता था।
युवती का आरोप है कि जाहिद के घर वाले, खासतौर पर भाई साजिद प्रताड़ना में उसका साथ देता था। महिला का कहना है कि वह ब्राह्मण है और शाकाहारी है। इसके बावजूद वे उस पर शाकाहार छोड़कर मांस खाने और नमाज़ पढ़ने का दबाव बनाते थे। युवती का कहना है कि जब वो ऐसा करने से इनकार करती थी तो जाहिद उसकी बेरहमी से पिटाई करता था।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आए दिन की प्रताड़ना से परेशान होकर एक दिन वो सामान लेकर घर से निकल गई, लेकिन जाहिद उसे जबरदस्ती वापस ले आया। युवती का कहना है कि जब वह काम पर जाती थी तो आरोपित दूसरी लड़कियों को घर लाकर उनसे शारीरिक संबंध बनाता था।
पीड़िता के मामले की जानकारी होते ही हिन्दू संगठन सक्रिय हो गए। सभी ने युवती के साथ शुजालपुर सिटी पुलिस थाने में जाकर आरोपित जाहिद उर्फ़ गामा पर कड़ी कार्रवाई की माँग की। पुलिस ने जाहिद पर दुष्कर्म और धर्मांतरण अधिनियम की धाराओं में FIR दर्ज कर लिया है। अब पीड़िता अपने परिजनों के साथ मायके में रहने की इच्छा जता रही है।






