इंस्पेक्टर का हाथ काट लेंगे.. FIR दर्ज होते ही अंडरग्राउंड हुआ बरेली का मौलाना
उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद ने तूल पकड़ लिया है. इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव मौलाना डॉ. नफीस ने किला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार को हाथ काटने और वर्दी उतरवाने की खुली धमकी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मौलाना के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. जिसके बाद से ही डॉ. नफीस अंडरग्राउंड हो गए हैं, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
विवाद की जड़ कानपुर में ईद-मिलादुन्नबी के जश्न के दौरान लगाए गए ‘आई लव मोहम्मद‘ बैनरों पर दर्ज एफआईआर है. इस कार्रवाई का विरोध करते हुए बरेली सहित कई शहरों में मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन शुरू कर दिए. बरेली के जखीरा मोहल्ले में शनिवार रात को स्थानीय लोगों ने घरों और गलियों पर ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर लगा दिए. जब किला थाने की पुलिस इन्हें हटाने पहुंची, तो वहां हंगामा मच गया.
वीडियो हुआ था वायरल
आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नफीस मौके पर पहुंचे और पुलिस से भिड़ गए. वायरल वीडियो में वे इंस्पेक्टर सुभाष कुमार को धमकाते नजर आ रहे हैं. डॉ. नफीस ने कहा, “तुम्हारा हाथ काट लूंगा, वर्दी उतरवा दूंगा.” इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी किया. सीओ सिटी के पहुंचने के बाद स्थिति को शांत किया गया और पोस्टर दोबारा लगाने की अनुमति देकर मामला टाला गया.
मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
वीडियो के वायरल होने के बाद सोमवार को थाना किला पुलिस ने डॉ. नफीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. उन पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मी को धमकी देने, अपशब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं (आईपीसी की धारा 186, 353, 504, 506) के तहत कार्रवाई की गई है. इंस्पेक्टर सुभाष कुमार ने खुद शिकायत दर्ज कराई. आईएमसी के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के करीबी माने जाने वाले डॉ. नफीस मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं. संगठन के एक प्रवक्ता ने बताया कि डॉ. नफीस फिलहाल संपर्क से बाहर हैं. पुलिस ने उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.






