Monday, February 2, 2026
Uncategorized

राज ठाकरे जीरो,उद्धव ठाकरे सिंगल डिजिट, राहुल गांधी और शरद पवार के भी बुरे हाल

महाराष्ट्र निकाय चुनाव की 288 नगर परिषदों में 207 पर महायुति का कब्जा, BJP सबसे बड़ी पार्टी: MVA की करारी शिकस्त, राज ठाकरे का नहीं खुला खाता

महाराष्ट्र में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और NCP (अजित पवार गुट) के गठबंधन ने 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से 207 जगहों पर अध्यक्ष पद जीतकर विपक्षी महा विकास आघाड़ी (MVA) को पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है। विधानसभा चुनाव के बाद आए इन नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि राज्य में शहरी राजनीति पर भी महायुति का दबदबा बरकरार है

बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी, सहयोगियों का भी दमदार प्रदर्शन

राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) द्वारा रविवार (21 दिसंबर 2025) की देर रात जारी अंतिम नतीजों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी 117 नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पद जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसके सहयोगी दलों ने भी मजबूत योगदान दिया।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 53 और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अगुवाई वाली NCP ने 37 अध्यक्ष पद हासिल किए। एनसीपी ने कुल 80 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से लगभग आधी सीटों पर जीत दर्ज की। इससे महायुति के भीतर भी NCP के संगठनात्मक प्रभाव का संकेत मिलता है।

पुणे समेत कई जिलों में महायुति का दबदबा

जिला स्तर पर भी महायुति का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। खास तौर पर पुणे जिले में NCP ने 17 में से 10 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद जीतकर अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। कुल मिलाकर शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं ने विकास और स्थिरता के नाम पर महायुति को स्पष्ट समर्थन दिया, जिससे विपक्ष को कई अहम इलाकों में निराशा हाथ लगी।

विपक्षी महा विकास आघाड़ी के लिए ये नतीजे किसी बड़े झटके से कम नहीं हैं। कॉन्ग्रेस 28 अध्यक्ष पद जीतकर विपक्ष में सबसे आगे रही, लेकिन यह संख्या महायुति के मुकाबले काफी कम रही। शरद पवार गुट की NCP को केवल 7 और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को महज 9 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

इसके अलावा, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त न होने वाली पार्टियों ने 4 सीटें जीतीं, जबकि गैर-मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों के खाते में 28 अध्यक्ष पद गए। 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।

पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया आभार, बताया विकास की जीत

नतीजों के रुझान सामने आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महायुति की जीत पर महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है! मैं नगर परिषद और नगर निगम चुनावों में बीजेपी और महायुति पर भरोसा दिखाने के लिए महाराष्ट्र के लोगों का आभारी हूँ। यह हमारे जन-केंद्रित विकास के तरीके पर लोगों के भरोसे को दिखाता है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इसे सुशासन और विकास की जीत बताया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजित पवार को बधाई दी।

कुल 288 सीटों में से 286 पर 2 और 20 दिसंबर 2025 को दो चरणों में मतदान हुआ था, जबकि दो नगर परिषदों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। ये नतीजे साफ तौर पर संकेत देते हैं कि महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति न सिर्फ सत्ता में मजबूत है, बल्कि जमीनी स्तर पर भी उसका जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply