आगरा के ताजनगरी के चर्चित राज चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपित अरबाज खान उर्फ मंसूरी को गुरुवार (29 जनवरी 2026) की सुबह पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस आरोपित को हथियार बरामदगी के लिए ले जा रही थी।
इस क्रॉस फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपायुक्त नगर सैय्यद अली अब्बास के नेतृत्व में गठित टीमों ने आरोपित को गिरफ्तार किया था, लेकिन बरामदगी के दौरान उसने भागने की कोशिश की।
घटनाक्रम के अनुसार, पुलिस टीम अरबाज को टेड़ी बगिया क्षेत्र में हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कराने ले गई थी। इसी दौरान आरोपित ने एक उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।
जवाबी कार्रवाई में आरोपित गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बता दें कि 23 जनवरी 2026 की रात थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से पुलिस की 9 टीमें आरोपित की तलाश में जुटी थीं।






