नोएडा से अपने प्रेमी और दोस्तों के साथ जन्मदिन पर घूमने नैनीताल पहुंची महिला की यहां हत्या कर दी गई। उसका शव होटल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ मिला। वही उसका प्रेमी देर रात ही होटल से फरार हो गया। महिला के साथ नैनीताल पहुंचे दोस्तों की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
होरिजन होम्स साबेरी नोएडा एक्सटेंशन गौतमबुद्ध नगर निवासी दीक्षा मिश्रा, ऋषभ उर्फ इमरान, श्वेता शर्मा, अलमास उलहक 14 अगस्त को नैनीताल आए थे और मल्लीताल स्थित होटल के अलग-अलग कमरों में ठहरे हुए थे। 15 अगस्त को दीक्षा का जन्मदिन होने के कारण देर रात तक चारों ने एक ही कमरे में बैठकर पार्टी की। रात करीब एक बजे पार्टी के बाद श्वेता व अलमास दूसरे कमरे में सोने चले गए। इस दौरान दीक्षा ने सुबह जल्द उठकर घूमने जाने की बात कही, मगर सोमवार सुबह दस बजे तक भी जब दीक्षा और ऋषभ कमरे से बाहर नहीं आए तो श्वेता ने दोनों को फोन किया। ऋषभ का फोन बंद था, जबकि दीक्षा फोन नहीं उठा रही थी। इस पर श्वेता ने दोनों के कमरे के बाहर जाकर दरवाजा खटखटाया। मगर उसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने दरवाजे को अंदर धकेला तो दीक्षा को नग्न अवस्था में बिस्तर पर बेसुध पड़ा देख वह सन्न रह गई।
इस पर वह तुरंत अलमास के साथ कोतवाली पहुंच गई। उसके साथ कोतवाल अशोक कुमार, एसआइ पूजा मेहरा समेत अन्य पुलिसकर्मी होटल पहुुंचे तो पाया कि दीक्षा की मौत हो चुकी थी। उसके मुंह से झाग निकलने के साथ ही चेहरा भी नीला पड़ा था। सूचना के बाद एएसपी देवेंद्र पींचा के साथ ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम को कमरे से शराब की खाली बोतल, हुक्का और पिज्जा समेत खाने का अन्य सामान बरामद हुआ है।
इधर, देर शाम मृतका की दोस्त श्वेता की ओर से कोतवाली में ऋषभ के खिलाफ तहरीर दी गई। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ऋषभ उर्फ इमरान पुत्र इम्तेबेजामुद्दीन मूल निवासी गाजियाबाद के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका के भाई को घटना की सूचना दे दी गई है।
इमरान है आरोपित का असली नाम
जब श्वेता और अलमास ने दीक्षा की मौत की खबर उसके भाई को दी तो नोएडा में मौजूद भाई ने दीक्षा के कमरे में जाकर तलाशी ली। जहां खुद को ऋषभ बताने वाले युवक की आईडी में उसका नाम इमरान लिखा हुआ मिला। दोनों दोस्तों को जब यह पता लगा तो वह भी दंग रह गए। वहीं, पुलिस ने बताया कि दीक्षा ने अपने सीने पर इमरान के नाम का टैटू गुदवा रखा था।
रात को इमरान ने नहीं पी शराब
पुलिस की पूछताछ में श्वेता और अलमास ने बताया कि रविवार को दीक्षा का जन्मदिन होने के कारण सभी ने मालरोड पर केक काटकर उसका जन्मदिन सेलिबे्रट किया था। कमरे में पहुंच कर पिज्जा खाने के साथ ही तीन लोगों ने शराब पी, जबकि इमरान (ऋषभ) ने शराब नहीं पी।
रात 2:56 पर होटल से बाहर निकला इमरान
दीक्षा की हत्या करने के बाद रात 2:56 मिनट पर ही इमरान अपना बैग और दीक्षा की कार लेकर निकला गया था। सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टिï हुई है। श्वेता ने बताया कि जब दोपहर को उसने नोएडा अपने बिल्डिंग के गार्ड से बात की तो उसने बताया कि इमरान सुबह करीब 10 बजे कार लेकर दीक्षा के फ्लैट पर आया था, जो अपने जरूरी कागजात लेकर कुछ ही समय बाद निकल गया।
लिव इन या शादी में संदेह
दीक्षा तलाकशुदा थी। उसकी 11 माह की एक बेटी भी है। श्वेता ने बताया कि इमरान लंबे समय से दीक्षा के साथ ही रहता था। दीक्षा ने एक वर्ष पूर्व दोनों की शादी हो जाने की बात कही थी।
सिर्फ दो माह से मृतका से परिचय
श्वेता और अलमास ने बताया कि वह दो माह पहले से ही दोनों को जानते थे। एक ही बिल्डिंग में रहने के कारण उनका परिचय हुआ था। बीते दिनों सभी का घूमने का प्लान बना तो वे 13 अगस्त को पहले कॉर्बेट और 14 को नैनीताल पहुंचे थे।
एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का मालूम पड़ रहा है। मृतका के दोस्तों की तहरीर पर युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही लग पाएगा।





