जिले में धर्मांतरण को लेकर भारी बवाल जारी है। सोमवार को हजारों की संख्या में सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने चर्च में जमकर तोड़फोड़ की। इस बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस प्रशासन मौके पर जुटी रही। इस दौरान नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार पर किसी ने जानलेवा हमला कर दिया। पढ़िए पूरी खबर…
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण को लेकर भारी बवाल जारी है। सोमवार को हजारों की संख्या में सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने चर्च में जमकर तोड़फोड़ की। इस बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस प्रशासन मौके पर जुटी रही। इस दौरान नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार पर किसी ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे एसपी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। बता दें कि इससे पहले आदिवासी समाज ने रैली निकालकर नगर बंद कराया था। साथ ही नारायणपुर-कोंडागांव स्टेट हाईवे पर चक्काजाम भी किया था। जिले के अलग-अलग गांव में बवाल हो रहा है।
धर्मांतरण को लेकर मारपीट
उल्लेखनीय है कि, रविवार को कुछ ग्रामीणों को गांववालों ने बैठक में बुलाया था। इस दौरान वहां धर्मांतरण और चर्च जाते हो कह कर मारपीट शुरू कर दी। पत्थर फेंक-फेंक कर मारा गया। इसे कई लोग घायल हो गए। पीड़ितों ने कहा कि करीब 500 लोगों ने मिलकर मारपीट की। वहीं मारपीट की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों को समझाइश देने पहुंची पुलिस के साथ भी झूमाझटकी हुई थी। इसमें एडका थाना प्रभारी भुनेश्वर जोशी समेत दोनों पक्षों से दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बवाल से जिले के अलग-अलग हिस्सों में भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है।






