भाजपा में शामिल हुए सभी 6 निर्दलीय पार्षदों को भाजपा कार्यालय अटल कुंज में पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला और पार्टी जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। खास बात यह भी है इनमें से ज्यादातर ने पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की।
रीवा। 27 साल के लंबे अंतराल के बाद रीवा में महापौर का पद जीतने वाली कांग्रेस जहां जश्न मनाने की तैयारी में जुटी हुई थी, तो वहीं भाजपा ने इस बीच कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। भाजपा ने नगर निगम और नगर परिषद में कब्जा करने के लिए 6 निर्दलीय पार्षदों को अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ 18 पार्षदों वाली भाजपा अब बहुमत में आ गई है। भाजपा का यह मास्टर स्ट्रोक कांग्रेस के लिए बड़ा झटका देने वाला है।
भाजपा में शामिल हुए सभी 6 निर्दलीय पार्षदों को भाजपा कार्यालय अटल कुंज में पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला और पार्टी जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। खास बात यह भी है इनमें से ज्यादातर ने पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की। बता दें कि भाजपा के पास 18 पार्षद दे थे, जबकि 45 वार्डों वाले रीवा नगर निगम में परिषद अध्यक्ष एवं परिषद का गठन करने के लिए 23 पार्षदों की आवश्यकता है, ऐसे में अब भाजपा ने 6 निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने पाले में लेकर बहुमत के पार पहुंच गई है। यानि अब उसके पास 24 पार्षद हो गए हैं।
27 साल बाद कांग्रेस ने हथियाई महापौरी
27 साल बाद रीवा शहर की महापौरी हारने के बाद नगर निगम के परिषद में अपना कब्जा जमाने भाजपा ने मास्टर स्ट्रोक खेला है। यहां सदन में जनहित के मुद्दे और एजेंडे को पूरा करने के लिए बीजेपी ने कांग्रेस से चार कदम आगे वाली चाल चली है। 45 वार्डों वाले रीवा नगर निगम में अभी तक भाजपा के 18 सदस्य, कांग्रेस के 16 सदस्य और 11 निर्दलीय पार्षद चुनकर सदन पहुंचे थे। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि निर्दलीयों के भरोसे महापौर अजय मिश्रा बाबा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाकर सदन पर कब्जा जमा लेंगे पर कांग्रेस की बाजी को भाजपा ने पलट दिया है। बहरहाल देखना यह है कि अब कांग्रेस का अगला कदम क्या होता है।
इन पार्षदों ने ली सदस्यता
सोमवार को सभी 6 पार्षदों ने बीजेपी कार्यालय अटल कुंज में पूर्व मंत्री एवं रीवा विधायक राजेन्द्र शुक्ला के हाथों सदस्य ली है। जिन पार्षदों ने बीजेपी का झंडा पकड़ा है, उसमे वार्ड नंबर 1 से पार्षद शिवराज रावत, वार्ड नंबर 5 से पार्षद संजय सिंह, वार्ड नंबर 22 से पार्षद पूजा प्रमोद सिंह, वार्ड नंबर 40 से पार्षद नीलू कटारिया, वार्ड नंबर 43 से पार्षद शांति उर्फ आशा सहित 1 अन्य का नाम शामिल हैं।






