एपस्टीन फाइल्स में दर्ज 300+ हाई-प्रोफाइल नामों की लिस्ट आई सामने: ट्रंप से लेकर नेतन्याहू तक कई राष्ट्र प्रमुखों का जिक्र, बिजनेस टायकून और फिल्मी सितारे भी शामिल

अमेरिका में यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन मामले को लेकर अब तक का सबसे बड़ा खुलासा सामने आया है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने कॉन्ग्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ की धारा 3 के तहत सभी जरूरी दस्तावेज सार्वजनिक कर दिए गए हैं।
इस खुलासे के तहत कुल 305 हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों की एक सूची जारी की गई है, जिनके नाम किसी न किसी रूप में इन फाइलों में दर्ज हैं। हालाँकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कोई क्लाइंट लिस्ट नहीं है और इसमें नाम आने का अर्थ किसी भी तरह की आपराधिक संलिप्तता नहीं है।
कई नाम ईमेल, कॉन्टैक्ट बुक, लेखों और अन्य दस्तावेजों में सिर्फ संदर्भ के तौर पर सामने आए हैं। अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी के मुताबिक, न्याय विभाग ने एपस्टीन से जुड़े लाखों ईमेल, तस्वीरें, यात्रा रिकॉर्ड, कॉन्टैक्ट बुक, सरकारी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सार्वजनिक किए हैं। इन दस्तावेजों को कुल नौ श्रेणियों में बाँटा गया है।
सूची में अमेरिकी राजनीति के दिग्गज नेताओं के नाम
इस सूची में अमेरिका के कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हैं। इनमें मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, इवांका ट्रंप, उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन, पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा♦, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के नाम हैं।

इसके अलावा कमला हैरिस, मार्को रूबियो, एंटनी ब्लिंकन, हिलेरी क्लिंटन, चक शूमर, एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज, माइक पेंस, जेम्स कोमी, रॉन डीसैंटिस, रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर, स्टीव बैनन और कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय नेता और शाही परिवार भी सूची में शामिल
एपस्टीन फाइल्स में कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं और राजघरानों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक और वर्तमान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, पूर्व प्रधानमंत्री थेरेसा मे और टोनी ब्लेयर, नॉर्वे के पूर्व प्रधानमंत्री थोर्ब्योर्न यागलैंड और जेंस स्टोल्टेनबर्ग के नाम हैं।
इसके अलावा ब्रिटेन के शाही परिवार से प्रिंस एंड्रयू, उनकी पूर्व पत्नी सारा फर्ग्यूसन, महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, दिवंगत राजकुमारी डायना, प्रिंस हैरी और प्रिंस फिलिप के नाम शामिल हैं। इस खुलासे के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस सूची को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है।
फिल्मी सितारे और बड़े कारोबारी भी फाइलों में दर्ज
मनोरंजन जगत से एलेक बाल्डविन, बेयोंसे, जे-जेड, मेघन मार्कल, डायना रॉस, एमी शूमर, ब्रूस स्प्रिंगस्टीन, वुडी एलेन, टकर कार्लसन, एलिसा मिलानो, रोजी ओ’डॉनेल, माइकल जैक्सन, बिल कॉस्बी, डेविड कॉपरफील्ड, जॉर्ज क्लूनी, कर्ट कोबेन, रॉबर्ट डी नीरो, बोनो, मिक जैगर, बारबरा स्ट्रेसैंड, एल्विस प्रेस्ली और मैरिलिन मुनरो जैसे नाम सूची में शामिल हैं।

वहीं बिजनेस जगत से जेफ बेजोस, एलन मस्क, मार्क जुकरबर्ग, बिल गेट्स, रिचर्ड ब्रैनसन, पीटर थिएल, लेस्ली वेक्सनर, लियोन ब्लैक, डीपी वर्ल्ड के सीईओ सुल्तान अहमद बिन सुलायेम, जारेड कुशनर, रॉबर्ट मैक्सवेल और कई अन्य बड़े उद्योगपतियों के नाम भी सामने आए हैं।
सूची का मतलब क्या और आगे क्या हो सकता है?
न्याय विभाग और अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने स्पष्ट किया है कि इस सूची में नाम आने का मतलब किसी भी तरह की आपराधिक संलिप्तता नहीं है। कई लोगों के नाम इसलिए सामने आए क्योंकि एपस्टीन शक्तिशाली लोगों पर फाइलें रखता था, उनके बारे में समाचार लेख साझा करता था या फिर उसकी ‘ब्लैक बुक’ में उनके संपर्क विवरण दर्ज थे।
बॉन्डी और डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने यह भी कहा कि किसी को राजनीतिक या सामाजिक नुकसान से बचाने के लिए कोई जानकारी नहीं रोकी गई है। यह अब तक का सबसे व्यापक सार्वजनिक खुलासा माना जा रहा है, जिसने जेफरी एपस्टीन नेटवर्क से जुड़े कई रहस्यों पर से पर्दा उठाया है।






