परमाणु बम की धौंस दिखाने वाले बड़बोले पड़ोसी पाकिस्तान में आर्थिक हालात विकट होते जा रहे हैं। देश में विदेशी मुद्रा भंडार की लगातार होती कमी के बीच अब आम पाकिस्तानी जरूरी चीजें भी नहीं जुटा पा रहे हैं। लोगों की क्रय शक्ति लगतार घट रही है। हालत इस मुकाम पर पहुंच गए हैं कि सरकार ने बिजली और पेट्रोलियम पदार्थों को बचाने के लिए बाजारों को जल्दी बंद करने का फैसला लिया है। वर्ष 2020 में जो बदहाली के हालात श्रीलंका में दिखे थे वहीं हालात अब पाकिस्तान के भी होते जा रहे हैं।
दिसंबर महीने में महंगाई दर 24.5% पर पहुंची
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भी स्वीकार लिया है कि देश कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। पेट्रोल-डीजल, खाने पीने का सामान, रसोई गैस और बिजली की भी किल्लत पैदा हो गई है। देश में महंगाई आसमान छू रही है। पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स की ओर से बीते सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार अनुसार देश में सीपीआई आधारित मुद्रास्फीति की दर दिसंबर 2022 में बढ़कर 24.5 फीसदी पर पहुंच गई। एक साल पहले इसी अवधि में यह 12.3 प्रतिशत थी। रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश जरूरी सामान आम लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार महंगाई दर वित्त मंत्रालय के लक्ष्य 21 से 23 फीसदी से अधिक है।
खाद्य पदार्थों की कीमतों में 56 फीसदी का इजाफा
महज दिसंबर महीने में ही खाद्य पदार्थ एक चौथाई से अधिक महंगे हो गए हैं। जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमतों में 55.93 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह स्थिति मांग और आपूर्ति में कमी के कारण है। बीते एक वर्षों में प्याज की कीमतों में 415 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं पिछले साल की तुलना में चाय 64 प्रतिशत और गेहूं 58 फीसदी तक महंगा हुआ है। घी और खाद्य तेलों की कीमतों में 32 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली है। वहीं दूध और चावल क्रमशः 26% और 47% तक महंगे हो गए हैं।
चिकन 650 से 700 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा
पाकिस्तान में महंगाई की मार मादक पेय पदार्थों और तम्बाकूजन्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ी हैं जो लगभग 35 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं। जबकि कपड़ों और जूतों की कीमतों में 17.22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हमारे बड़बोले पड़ोसी देश में हालात इतने खराब हो गए हैं पाकिस्तान में चिकन 650-700 रुपये प्रति किलो तक बिकने लगा है। जानकारों के मुताबिक यही हालात जारी रहे तो आने वाले दिनों में ये 800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच सकता है।






