TET के पवेश पत्र पर छपी सनी लियोन की एडल्ट तस्वीर, कांग्रेस ने साधा निशाना तो शिक्षा विभाग ने दी सफाई
शिक्षक पात्रता परीक्षा (के-टीईटी) सुचारू रूप से आयोजित की गई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि आवेदन करने वाले कुल उम्मीदवारों में से 92 प्रतिशत उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। एक छात्रा के प्रवेश पत्र में सनी लियोन की तस्वीर छपी थी। शिक्षा विभाग के मंत्री बीसी नागेश ने जांच के आदेश दिए हैं।
बेंगलुरु: कर्नाटक में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर राज्य की शिक्षक भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए। इस दौरान एक अभ्यर्थी को ऐसा एडमिट कार्ड जारी किया गया, जिस पर उसकी तस्वीर की जगह बॉलिवुड एक्ट्रेस सनी लियोन की तस्वीर छपी थी। इतना ही नहीं यह फोटो एडल्ट थी। छात्रा के इस प्रवेश पत्र की तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई। शिक्षा विभाग के विशेष अधिकारी की तरफ से इस मामले में स्पष्टीकरण जारी किया गया और जांच के आदेश दिए गए।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने दावा किया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा के एडमिट कार्ड पर अडल्ट फिल्मस्टार की तस्वीर फोटोशॉप थी। विभाग ने एक बयान में कहा कि पोर्टल पर लॉग इन तक पहुंच पूरी तरह से अभ्यर्थी की होती है और उक्त गलती के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं है। विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
कांग्रेस ने साधा निशाना
कर्नाटक कांग्रेस के सोशल मीडिया चेयरपर्सन बीआर नायडू ने एडमिट कार्ड की कथित तस्वीर को शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘शिक्षकों की भर्ती के लिए एडमिट कार्ड में उम्मीदवार की जगह एक ब्लू-फिल्म स्टार की तस्वीर प्रकाशित की गई है। सदन में ब्लू फिल्म देखने वाली पार्टी से और क्या उम्मीद की जा सकती है?’






