2. कुसुम देवी : बिहार के गोपालगंज सीट से भारतीय जनता पार्टी की कुसुम देवी ने जीत हासिल की है। ये सीट भाजपा विधायक सुभाष सिंह के निधन की वजह से खाली थी। इस सीट पर कुल नौ उम्मीदवार मैदान में थे। मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच हुआ। भाजपा ने इस सीट से सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी को उतारा था। सुभाष 2005 से लगातार चार बार यहां से विधायक चुने जा चुके थे। वहीं, राजद ने मोहन प्रसाद गुप्ता को टिकट दिया था। 62 साल की कुसुम के पास कुल तीन करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। कुसुम केवल साक्षर हैं।
3. भव्य बिश्नोई : हरियाणा जिले के आदमपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने जीत हासिल की है। ये सीट भव्य के पिता कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कुलदीप कांग्रेस से विधायक थे। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उपचुनाव में इस सीट से भाजपा ने कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई को उम्मीदवार बनाया था। 29 साल के भव्य के पास 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें आठ करोड़ रुपये की चल और दो करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। भव्य ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है।
ऋतुजा लटके : महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट सीट से शिवसेना उद्धव गुट की ऋतुजा लटके ने जीत हासिल की है। ये सीट शिवसेना के विधायक रहे रमेश लटके के निधन की वजह से खाली हुई थी। उपचुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने यहां से रमेश लटके की पत्नी ऋतुजा लटके को उम्मीदवार बनाया था। वहीं, रमेश के परिवार को सहानुभूति दिखाते हुए भाजपा, मनसे, कांग्रेस, एनसीपी जैसी बड़ी पार्टियों ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। इसके चलते मुकाबला एकतरफा हो गया। निर्दलीय और कुछ छोटे दलों से कुल सात उम्मीदवार मैदान में थे। जिन्हें ऋतुजा ने हराकर जीत हासिल कर ली। 45 साल की ऋतुजा के पास कुल 9.23 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 69 लाख रुपये की चल और 8.54 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। ऋतुजा ने मुंबई यूनिवर्सिटी से बीकॉम की पढ़ाई 1997 में पूरी की है।
नीलम देवी : बिहार के मोकामा सीट से आरजेडी की प्रत्याशी नीलम देवी की जीत हुई है। नीलम यहां से बाहुबली विधायक रहे अनंत सिंह की पत्नी है। अनंत सिंह को हाल ही में एक मामले में सजा मिली है। जिसके बाद उन्हें चुनाव आयोग ने अयोग्य ठहरा दिया था। इसके बाद ये सीट खाली हो गई थी। नीलम के पास कुल 17 लाख रुपये की संपत्ति है। 32 साल की नीलम आठवीं पास हैं।