खखरेड़ू थाना क्षेत्र के कोट गांव में लव जेहाद का एक मामला सामने आया। गांव का एक युवक इंटरनेट मीडिया से दोस्ती कर बंगाल की एक युवती को प्रेम जाल में फंसा कर अपने साथ गांव ले लाया। मतांतरण कराकर निकाह की तैयारी कर रहे युवक को पुलिस ग्रामीणों की शिकायत पर हिरासत में ले लिया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने जाति धर्म छिपाने व मतांतरण कराकर निकाह करने के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
कोट निवासी युवक शफीकुर रहमान पुत्र बाबू खान के साथ युवती का इंटरनेट मीडिया के जरिए बीते कई महीनों से संपर्क बना हुआ था। युवती ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह बंगाल प्रांत के जनपद 24 परगना के खरदह थाने के अमीना गली क्षेत्र के पीके विश्वास रोड की रहने वाली है। आठ नवंबर को शफीकुर रहमान अपना धर्म व जाति छिपाकर उसे बरगला कर बुधवार को अपने गांव कोट ले आया था, तबसे वह यहीं थी, यहां आने पर पता चला कि युवक मुस्लिम है। कोट गांव के ग्रामीणों ने संदेह पर थाना पुलिस को सूचना दिया कि बंगाल की एक युवती को घर लाकर शफीकुर रहमान उसका मतांतरण कराकर निकाह करने वाला है। खबर मिलते ही एसओ जयचंद्र भारती महिला सिपाहियों के साथ गांव पहुंचकर युवक व युवती को थाने ले आए।
स्वजन को बिना बताए आई युवती: युवती से मोबाइल फोन नंबर लेकर पुलिस ने जब उसके स्वजन से जरिए दूरभाष बात किया तो पता चला कि उसके घर से उसकी मां-पिता आदि स्वजन छठ पूजा में घर से बाहर चले गए थे। उसी बीच स्वजन को बिना बताए वह घर से निकल गई थी।
बोले जिम्मेदार:युवती की तहरीर पर आरोपित शफीकुर रहमान पर उप्र विधि विरुद्ध मतांतरण कराने के प्रयास, अगवा व धोखाधड़ी के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती के स्वजन का इंतजार किया जा रहा है। गयादत्त मिश्र, सीओ खागा,





