क्रिकेट टीम में 11 खिलाड़ी होते हैं। हार के लिए किसी एक को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं। आलोचना खूब तीखी हो मगर खिलाड़ी के संप्रदाय और परिवार को घसीट लिया जाए तो सभ्यता का दायरा टूट जाता है। पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन अली फिलहाल ऐसी ही टिप्पणियों से दो-चार हो रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में उन्होंने मैथ्यू वेड का कैच छोड़ दिया। वेड ने अगली तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़कर ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचा दिया। अब पाकिस्तानी ट्विटर और इंस्टाग्राम हसन अली के खिलाफ बेहद शर्मनाक टिप्पणियों से भरा पड़ा है। ट्रोल्स ने हसन अली के शिया होने और उनकी भारतीय पत्नी सामिया को भी नहीं बख्शा।
सामिया को लेकर बेहद भद्दी टिप्पणियां सोशल मीडिया पर तैर रही हैं। हसन अली को पाकिस्तान में ‘गद्दार’ तक कहा जा रहा है। ठीक वैसे ही जैसे, पाकिस्तान के खिलाफ मैच में खराब गेंदबाजी करने वाले मोहम्मद शमी को कहा गया था। हालांकि बाद में यह साफ हुआ कि शमी पर ज्यादातर ऐसी टिप्पणियां पाकिस्तानी यूजर्स की ओर से हुई थीं।
शिया मुसलमान हसन अली और उनकी भारतीय पत्नी…
इंस्टाग्राम पर हसन अली और उनकी पत्नी सामिया आरजू के अकाउंट पर पाकिस्तानी यूजर्स के गंदे कमेंट्स की भरमार है। कोई उनसे पूछ रहा है कि सेमीफाइनल में रन कुटवाने के लिए उन्होंने कितने पैसे लिए थे। कुछ लोगों ने इंस्टाग्राम पर ‘लटके-झटकों’ वाली पोस्ट्स तक को जिम्मेदार बता दिया। अली की ‘हिंदुस्तानी बीवी’ के लिए बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। कुछ पाकिस्तानी हैंडल्स ने तो ट्वीट में कहा है कि हसन अली को आते ही गोली मार देनी चाहिए
पाकिस्तानी क्रिकेट
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की हार पर ट्रोल हुए शेख रशीद
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की करारी शिकस्त के बाद शेख रशीद लोगों के निशाने पर आ गए हैं
यह वही शेख रशीद हैं जिन्होंने भारतीय टीम की हार को इस्लाम की जीत करार दिया था
अब पाकिस्तानी टीम की हार के बाद लोग उनसे सवाल कर रहे हैं कि क्या यह इस्लाम की हार है।
इस्लामाबाद
क्रिकेट के महाकुंभ टी-20 विश्व कप मुकाबले में पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान के बड़बोले गृहमंत्री शेख रशीद लोगों के निशाने पर आ गए हैं। यह वही शेख रशीद हैं जिन्होंने भारतीय टीम की हार को इस्लाम की जीत करार दिया था। अब पाकिस्तानी टीम की हार के बाद लोग उनसे सवाल कर रहे हैं कि क्या यह इस्लाम की हार है। अब तक हजारों की तादाद में लोग जहां शेख रशीद के खिलाफ ट्वीट कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तानी गृहमंत्री चुप्पी मारकर बैठे हैं।
शेख रशीद की तस्वीर पोस्ट करके पीर फैसल लिखते हैं, ‘इस्लाम की हार हुई। क्या ईसाइयों की जीत हुई?’ राजू वर्मा लिखते हैं, ‘शेख रशीद जी क्या यह इस्लाम की हार है? जैसा कर्म करोगो, वैसा फल मिलेगा।’ अभिषेक चौहान लिखते हैं, ‘शेख रशीद जी आज कौन जीता? इस्लाम ? कृपया अगली बार धर्म को क्रिकेट से दूर रखना। अब अगले साल आप लोगों से मुलाकात होगी।
पाकिस्तान की हार पर शेख रशीद की बोलती बंद
पाकिस्तान की हार के बाद शेख रशीद की बोलती बंद हो गई है और पराजय की कसक साफ दिखी। पाकिस्तानी गृहमंत्री ने ट्वीट करके कहा कि पाकिस्तान आपने अच्छा खेला। सेमीफाइनल को छोड़कर आपने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। फिर भी कोई बात नहीं। पाकिस्तान की 22 करोड़ जनता के चेहरे पर खुशी लाने और शानदार प्रयास के लिए धन्यवाद।
इससे पहले भारत के खिलाफ मिली जीत के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख रशीद ने धर्म को लेकर बयानबाजी की थी। उन्होंने पाकिस्तानी टीम की जीत को आलमी इस्लाम की जीत करार दिया था। शेख रशीद ने कहा था कि मुझे अफसोस है कि यह पहला हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मैच है जो मैं कौमी जिम्मेदारियों की वजह से ग्राउंड में नहीं देख सका। लेकिन मैंने तमाम ट्रैफिक को इस्लामाबाद, रावलपिंडी को हिदायत दी है कि रोड पर रखे कंटेनर्स को हटा दिया जाए, ताकि कौम अपने जश्न को तारीखी तरीके से मनाए।
‘आलमी इस्लाम को फतह मुबारक हो’
शेख रशीद ने आगे कहा कि पाकिस्तान की टीम को, पाकिस्तान की कौम को मुबारक हो, आज हमारा फाइनल था। हमारा फाइनल आज ही था। पाकिस्तान जिंदाबाद….इस्लाम जिंदाबाद! दुनिया के मुसलमान समेत हिंदुस्तान के मुसलमानों के जज्बात पाकिस्तानी टीम के साथ थे। सारी आलमी इस्लाम को फतह मुबारक हो। शेख रशीद के इस बयान की भारत ही नहीं पूरी दुनिया में तीखी आलोचना हुई थी। खुद पाकिस्तान के कई लोगों ने इस बयान की कड़ी आलोचना की थी और धर्म को खेल से दूर रखने की नसीहत दी थी।





