मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में नए खुलासे के बाद जहां महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है, वहीं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इस में वसूली के आरोपों की जांच का फैसला लिया है। NCB के उपमहानिदेशक (DDG-NR) और सतर्कता इकाई के प्रमुख ज्ञानेश्वर सिंह इस मामले में एक ‘स्वतंत्र गवाह’ द्वारा लगाए गए ‘जबरन वसूली’ के आरोपों की जांच करेंगे। इस मामले में किरण गोसावी के निजी बॉडीगार्ड प्रभाकर सेल ने बड़ा खुलासा करते हुए 25 करोड़ रुपये की जबरन वसूली का आरोप लगाया है, जिसके बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है।
प्रभाकर सेल का दावा है कि NCB के अधिकारियों ने उससे लगभग 10 कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाए थे और उसने बॉलीवुड मेगास्टार शाहरुख खान से 25 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के बारे में फोन पर हो रही एक बातचीत के बारे में सुना था, जिनका बेटा आर्यन खान ड्रग्स केस के आरोपियों में से एक है। प्रभाकर सेल का दावा है कि उसने फोन पर जो बातचीत सुनी थी, उसमें 25 करोड़ रुपये के मांग की बात थी, जो 18 करोड़ पर फाइनल हुई। इसमें 8 करोड़ रुपये समीर NCB के जोनल डायरेक्टर (वेस्ट) मुंबई समीर वानखेड़े को देने की बात हुई थी।
हाईप्रोफाइल ड्रग्स केस की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े (Sameer Wankhede) लगातार एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) ने निशाने पर हैं. मलिक ने वानखेड़े पर बॉलीवुड से वसूली के आरोप लगाए हैं. ऐसे में अब केंद्रीय मंत्री ने उनका बचाव किया है.
‘वानखेड़े की पिछड़ी जाति बनी वजह’
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले (Ramdas Athawale) ने कहा, ‘वानखेड़े पिछड़ी जाति से हैं, इसलिए उन्हें जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है. वो एक बेहतर अधिकारी हैं, और एनसीबी अच्छा काम कर रही है. नवाब मलिक के आरोप झूठे हैं. एनसीबी ने उनके दामाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, इस का गुस्सा उनके मन में है.
‘एनसीबी को खिलाफ हो रही साजिश: राम कदम’
वहीं, बीजेपी नेता राम कदम ने ज़ी न्यू़ज से खास बातचीत में कहा, ‘हम किसी भी तरह की वसूली का समर्थन नहीं करते. नवाब मलिक दो दिन पहले समीर को जेल भेजने की धमकी देते हैं. इतने दिन प्रभाकर ने बातें क्यों छिपाई. उसके सभी आरोप गलत हैं. प्रभाकर सेल (गवाह) पर महा सरकार और कुछ नेताओं द्वारा एनसीबी के खिलाफ बोलने का दबाव डाला गया है. वह 22 दिनों के बाद क्यों बोल रहे हैं?’
मुंबई ड्रग्स केस पर बीजेपी नेता राम कदम ने कहा- किसी भी तरह की वसूली का समर्थन नहीं करते @ramkadam #NCB #MumbaiDrugsCase #AryanKhan #RaveParty @sachinArorra pic.twitter.com/5KcSo5Tjea
— Zee News (@ZeeNews) October 24, 2021
राम कदम ने नवाब मलिक पर बोला हमला
बीजेपी नेता ने एनसीपी नेता नवाब मलिक पर जोरदार हमला बोलते हुए आगे कहा कि आखिर महाराष्ट्र सरकार चाहती क्या है? खुद तो महाराष्ट्र सरकार कार्रवाई करती नहीं और एनसीबी के ऊपर आरोप लगाती है. देश की युवा पीढ़ी को नशे की तरफ जाने से रोकने का काम एनसीबी कर रही है. कदम ने सवाल पूछा कि महाराष्ट्र सरकार और ड्रग्स माफिया के बीच कोई सांठगांठ है? क्या महाराष्ट्र सरकार इनसे भी उगाही करने में जुटी हुई है. राम कदम ने कहा कि आने वाले समय में महाराष्ट्र सरकार के कई मंत्री जेल की हवा खाएंगे.





