उत्तर प्रदेश के मुराबाद में पुलिस ने बुधवार को डिलारी शराब कांड में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तहखाने में अपनी जान गवाने वाले शराब तस्कर राजेंद्र सिंह के तीन बेटे दलवीर सिंह ब्रह्मपाल सिंह निर्मल सिंह के अलावा स्वदेश देवी, सरिता देवी और अंजलि शामिल है। थाना प्रभारी सतराज सिंह ने बताया कि सभी को कोर्ट में पेश किया गया है। वही, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
टॉयलेट सीट की जगह तहखाने में घुसने का गुप्त दरवाजा
बता दें, बीते सोमवार को डिलारी क्षेत्र में तहखाने में निकली गैस के चलते शराब तस्कर राजेंद्र समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। शराब तस्करी में शामिल राजेंद्र सिंह बेहद शातिर दिमाग था। उसने पुलिस से बचने के लिए सारे इंतजाम कर रखे थे। उसने टॉयलेट सीट की जगह तहखाने में घुसने का गुप्त दरवाजा बना रखा था। बाहर से हमेशा ताला लगा रहने की वजह से किसी को भनक नहीं लगी कि राजेंद्र ने अपने निर्माणाधीन घर के नीचे अवैध शराब का जखीरा जमा कर रखा है। डीआईजी शलभ माथुर, डीएम शैलेंद्र सिंह और एसएसपी पवन कुमार ने मंगलवार को मौका मुआयना करने पहुंचे थे। उन्होंने तहखाना और उसमें घुसने का रास्ता देखा तो हैरान रह गए।
बता दें, शराब माफिया राजेंद्र सिंह पुलिस की नजरों से बचने के लिए घर से 200 मीटर की दूरी पर एक और मकान बनवा रहा था। हालांकि, उसने इसे जानबूझ कर अधूरा ही छोड़ रखा था। इसी निर्माणाधीन मकान में उसने अपने अवैध धंधे के लिए तहखाना बनवाया था। इसी मकान में ही टॉयलेट बने थे। तहखाने का गुप्त दरवाजा टॉयलेट से बनवाया था। तहखाने में भी तीन चैंबर बने थे। इन्हीं में वह अवैध शराब स्टॉक करता था। शराब को भी घांसफूंस और उपले से ढका गया था। राजेंद्र सिंह लंबे समय से अवैध शराब के धंधे में लिप्त था। जानकारी के मुताबिक, वह ढाई साल में पांच बार जेल भी गया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही जमानत पर छूटकर बाहर आ जाता था।





